भोपाल। मध्यप्रदेश से प्रतिवर्ष औसत रूप से 15 से 20 विद्यार्थी संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में चुने जाते हैं। प्रदेश में पहली बार संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 38 विद्यार्थी चयनित हुए हैं। यह प्रदेश के लिए गौरव पूर्ण उपलब्धि है। चयनित विद्यार्थियों का सम्मान होने से अन्य विद्यार्थी भी इस तरह की सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा ग्रहण करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात आज संघ लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित विद्यार्थियों के सम्मान समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कही। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित बैठक में 13 अक्टूबर को अपरान्ह 3 बजे मिंटो हाल मुख्य सभाकक्ष में हो रहे कार्यक्रम "सफलता के मंत्र" की तैयारियों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह समारोह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरक होगा। कार्यक्रम में "प्रतिभाओं का परचम" पुस्तिका का विमोचन भी होगा। इसका प्रकाशन जनसंपर्क विभाग ने किया है।
सफलता के मंत्र कार्यक्रम से प्रदेश के लाखों विद्यार्थी जुड़ेंगे। कक्षा 11वीं और 12वीं के कुछ विद्यार्थी भी मिंटो हाल के कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे और अन्य माध्यमों से कार्यक्रम से जुड़ेंगे। विद्यार्थियों के लिए यह कार्यक्रम काफी उपयोगी रहेगा। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर कार्यक्रम को प्रसारित किया जाएगा।