भोपाल। वित्त एवं वाणिज्यिक कर मंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा है कि प्रति व्यक्ति आय बढ़ाना और प्रदेश को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण का लाभ उठाने की दृष्टि से बजट प्राथमिकताओं का निर्धारण करना होगा। वित्त मंत्री श्री देवड़ा यहाँ प्रशासन अकादमी में बजट पूर्व चर्चा की प्रक्रिया में उद्योग समूह एवं वित्तीय संस्थाओं से जुड़े विशेषज्ञों से चर्चा कर रहे थे।
मंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि बजट प्रस्ताव तैयार करने के लिए नवाचार शुरू किया गया है। जिससे आम जनता, प्रतिष्ठित अर्थ-शास्त्रियों तथा विषय-विशेषज्ञों की वैचारिक भागीदारी से बजट प्रस्तावों को और अधिक लोक-कल्याणकारी और परिणामजनक बनाया जा सके।
वित्त मंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि इस पहल के सकारात्मक परिणाम मिले हैं। इस प्रक्रिया में 2 हजार 500 से अधिक सुझाव प्राप्त हुए थे। इन्हीं सुझावों के आधार पर चाईल्ड बजट, पूंजीगत व्यय में वृद्धि, पेसा नियम को लागू करने, स्वास्थ्य क्षेत्र में समुचित बजट प्रावधान करने, सेमी कण्डक्टकर कंपनियों को विशेष प्रोत्साहन देने, पवन ऊर्जा उत्पादन के लिये विशेष पैकेज देने, एमएसएमई सेक्टर पर विशेष ध्यान देने और उद्योगों को समय पर इंसेंटिव का भुगतान करने जैसे विषय शामिल किये गये। चालू वित्तीय वर्ष में इसके परिणाम भी दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का बजट, प्रदेश की जनता का, जनता के लिए एवं जनता के द्वारा बनाये जाने से लोकतंत्र की अवधारणा मजबूत होती है।
वित्त मंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि देश की अर्थ-व्यवस्था को वर्ष 2025 तक 5 ट्रिलियन डॉलर तक ले जायेंगे। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का प्रयास है कि प्रधानमंत्री के इस संकल्प में हमारे प्रदेश का उल्लेखनीय योगदान रहे। प्रदेश की अर्थ-व्यवस्था को 550 बिलियन डॉलर पहुँचाने का हमारा प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं को रोजगार के अधिकाधिक अवसर देने का आहवान किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिये मिशन के रूप में कार्य किया जा रहा है। आगामी एक वर्ष में एक लाख से अधिक पदों पर भर्ती किये जाने की स्वीकृतियाँ जारी की जा चुकी हैं। मंत्री श्री देवड़ा ने बजट पूर्व चर्चा भाग लेने वाले सभी विशेषज्ञों, प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
