Type Here to Get Search Results !

निष्पक्ष व शांतिपूर्ण निर्वाचन कराने के लिए सभी नियमों का कड़ाई से पालन कराएं : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन 2023 की तैयारियों के अंतर्गत उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी एवं पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) में भारत निर्वाचन आयोग के राष्ट्रीय स्तर के मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस चार दिवसीय सर्टिफिकेशन प्रोगाम का शुभारंभ गुरुवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनुपम राजन द्वारा किया गया।

शुभारंभ अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजेश कुमार कौल, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राकेश सिंह, कर्नाटक के मास्टर ट्रेनर श्री शशि शेखर रेड्डी, श्री जय माधव पी.और छत्तीसगढ़ से श्री सुनील वर्मा उपस्थित रहे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजन ने प्रशिक्षण ले रहे अधिकारियों से कहा कि भारत निर्वाचन आयोग से मिलने वाले हर एक नियम व निर्देशों को अच्छी तरह से पढ़ लें। हर चुनाव एक नया चुनाव होता है। नियम बदलते रहते हैं। निष्पक्ष व शांतिपूर्ण निर्वाचन कराने के लिए इन नियमों, निर्देशों का कड़ाई से पालन कराएं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजन ने कहा कि सेक्टर अधिकारियों के साथ ही तहसीलदार स्वयं जाएं और मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करें। मतदान केंद्रों पर रैंप, पानी, बिजली व बैठक व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। हर एक मतदाता का भौतिक सत्यापन होना अनिवार्य है। जिन मतदाताओं का भौतिक सत्यापन नहीं हो पाया है,उनका बीएलओ घर- घर जाकर भौतिक सत्यापन करें।