भोपाल। राज्य शासन ने सिनेमा, साहित्य, पारम्परिक कलाओं, समाज सेवा, सांस्कृतिक समरसता, सद्भाव आदि के क्षेत्र में स्थापित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मानों की घोषणा की है। सम्मानों का निर्णय राज्य शासन ने चयन समिति की सर्वसम्मत अनुशंसा के आधार पर किया है।
राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान वर्ष 2018 के लिए पुणे की संस्था लोकायत को प्रदान किया जायेगा। इस सम्मान में 10 लाख रूपये की राशि सम्मान स्वरूप दी जाती है। राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान वर्ष 2017 (निर्देशन) के लिए श्री प्रियदर्शन तथा वर्ष 2018 (अभिनय) के लिये सुश्री वहीदा रहमान को प्रदान किया जायेगा। इस सम्मान के अंतर्गत रुपये दो लाख की सम्मान राशि भेंट की जाती है। इसी प्रकार भारतीय भाषाओं की कविता के लिए वर्ष 2017 का राष्ट्रीय कबीर सम्मान हिंदी कवि श्री नरेश सक्सेना तथा वर्ष 2018 का यह सम्मान तेलुगु कवि श्री गोरटी वेकन्ना को प्रदान किया जायेगा। इस सम्मान के अंतर्गत तीन लाख की राशि दी जाती है।
हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में स्थापित राष्ट्रीय मैथिलीशरण गुप्त सम्मान वर्ष 2017 के लिए श्री राजेश जोशी तथा वर्ष 2018 के लिए मंजूर एहतेशाम को प्रदान किया जायेगा। इसी प्रकार मंचीय कविता के लिए स्थापित राष्ट्रीय कवि प्रदीप सम्मान वर्ष 2018 के लिए नई दिल्ली के कवि श्री अशोक चक्रधर को प्रदान किया जायेगा। इन सम्मानों के अंतर्गत रुपये दो लाख की राशि प्रदान की जाती है।
शासन ने व्यंग्य, ललित निबंध, पत्र लेखन, डायरी, रिपोर्ताज आदि विधाओं के लिए स्थापित राष्ट्रीय शरद जोशी सम्मान वर्ष 2017 के लिए व्यंग्यकार श्री यशवंत व्यास तथा वर्ष 2018 के लिए टीवी पत्रकार एवं लेखक-विचारक श्री रवीश कुमार को प्रदान करने का निर्णय लिया है। उर्दू साहित्य के क्षेत्र में स्थापित राष्ट्रीय इकबाल सम्मान प्रख्यात लेखकों श्री शम्सुर्रहमान फारुखी को वर्ष 2017 के लिए तथा गजनफर अली को 2018 के लिए प्रदान किया जायेगा। आंचलिक कलाओं के क्षेत्र में स्थापित राष्ट्रीय तुलसी सम्मान चित्रकार श्री कैलाशचन्द्र शर्मा, जयपुर को वर्ष 2017 के लिए तथा कलाकार श्री विक्रम यादव को वर्ष 2018 के लिए प्रदान किया जायेगा। इसी प्रकार आंचलिक कलाओं के क्षेत्र में महिला कलाकारों का राष्ट्रीय देवी अहिल्या सम्मान वर्ष 2017 से उज्जैन की श्रीमती कृष्णा वर्मा को तथा वर्ष 2018 का यह सम्मान बिहार की सुश्री शांतिदेवी झा को प्रदान किया जायेगा। इन सम्मानों के अंतर्गत रुपये दो लाख रूपये प्रदान किये जायेंगे। सम्मान राशि के अतिरिक्त सम्मान पट्टिका एवं शॉल-श्रीफल भी प्रदान किये जाते हैं।