नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को विजयादशमी के मौके पर द्वारका के सेक्टर 10 स्थित दशहरा मैदान में रावण दहन किया। इससे पहले यहां पहुंचने के लिए मोदी ने दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन में सवारी की। मोदी ने कहा- जय श्री राम! आप सबको विजयादशमी के पर्व की अनेक शुभकामनाएं। राम-कृष्ण ने सामूहिकता की शक्ति से परिचय कराया। हम भी इससे अपने संकल्पों को पूरा करें।
मोदी ने कहा- भारत के सामाजिक जीवन का प्राण तत्व उत्सव है
हजारों साल की परंपराओं से हजारों वीर गाथाओं, सांस्कृतिक विरासत के चलते हमारे देश में उत्सवों ने संस्कार, शिक्षा और सामूहिक जीवन का प्रशिक्षण देने का काम किया। उत्सव नए सपनों को सजने का सामर्थ्य देते हैं। हमारी रगों में उत्सव धधकता रहता है। भारत के सामाजिक जीवन का प्राण तत्व उत्सव है।
भारत उत्सवों की भूमि है। शायद ही 365 दिन में एक दिन बचा होगा, जहां हिंदुस्तान के किसी ना किसी कोने में कोई ना कोई उत्सव न मनाया जाता हो।
उत्सव के चलते ही हमें कभी क्लब कल्चर में जाना नहीं पड़ा। उत्सव के साथ एक प्रतिभा को निखारने का, उसे सामाजिक गरिमा देने का, पुरस्कृत करने का निरंतर प्रयास चला है। कला, वाद्य, गान, नृत्य हर प्रकार की कला हमारे उत्सवों से अभिन्न रूप से जुड़ी है। इसी कारण भारत के हजारों साल की सांस्कृतिक विरासत में कला के चलते भारत में रोबोट नहीं, जीते-जागते इंसान पैदा होते हैं।
