Type Here to Get Search Results !

एमजी रोड के विवादित हिस्से पर सेंट्रल लाइन डालने के दौरान फिर हुआ विवाद, पुलिस पहुंची


इंदौर। बड़ा गणपति से लेकर कृष्णपुरा छत्री तक की सड़क को 60 फीट चौड़ी किए जाने को लेकर सेंट्रल लाइन डालने का काम नगर निगम द्वारा किया जा रहा है। खजूरी बाजार क्षेत्र में सेंट्रल लाइन को लेकर व्यापारियों और नगर निगम के मध्य पिछले 15 दिनों से विवाद चल रहा है। मंगलवार को भी यह विवाद जारी रहा। व्यापारियों के विरोध को देखते हुए निगम अधिकारियों को पुलिस बल बुलाना पड़ा। 

खजूरी बाजार में राजगुरु कॉम्प्लेक्स के सामने अहिल्या सदन है। दोनों के बीच 60 फीट हिस्से में सेंट्रल लाइन डालने के लिए अधिकारी सोमवार को वहां गए थे। लेकिन विवाद के चलते लाइन डाली नहीं जा सकी थी। मंगलवार को नगर निगम की टीम पुन: यहां पहुंची और लाइन डालने का काम प्रारंभ किया। निगम की टीम को देखकर व्यापारी सड़क पर एकत्र हो गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। व्यापारियों ने लाइन डालने के लिए रोड पर बिछाई गई रस्सी को भी फेंक दिया। हंगामा होता देख निगम अधिकारियों ने पुलिस को बुलया। काफी देर तक हंगामा होने और समझाइश के बाद यहां सेंट्रल लाइन डाली जा सकी।

राजगुरु काॅम्प्लेक्स के प्रफुल्ल राजगुरु ने बताया कि 15 दिन पहले निगम के अफसर ऐसी सेंट्रल लाइन डाल रहे थे, जिसमें हमारी बिल्डिंग को नुकसान नहीं पहुंच रहा था। सामने अहिल्या सदन 18 फीट टूट रहा था। हम निगम अधिकारियों को 100 साल पुराने कागजात दिखा चुके हैं। यहां का नक्शा होलकर वंश ने बनाकर दिया था। इसी आधार पर 2001 में निगम से नक्शा पास करवाने के बाद भवन को सुधारा था। पहले निगम अधिकारियों ने इसे मान लिया था। अहिल्या सदन वालों को नक्शा दिखाने का कहा था, जो वे नहीं दिखा सके। 
लाइन डल जाने दो, वैध-अवैध बाद में देख लेंगे
मंगलवार को हुए विवाद के दौरान राजगुरु काॅम्प्लेक्स और अहिल्या सदन के व्यापारियों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए गलत लाइन डालने का आरोप लगाया। निगम अधिकारियों ने जैसे-तैसे व्यापारियों को शांत किया और कहा कि अभी तो लाइन डल जाने दो, जो भी वैध-अवैध निर्माण होगा उसे बाद में देख लिया जाएगा। इसके बाद दोनों तरफ की नपती कर सेंट्रल लाइन डाली गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.