मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली कोरोना से जंग में लोगों के साथ हैं। लोगों के इलाज के लिए करीब 11 करोड़ रुपए जुटाने के बाद अब उन्होंने पूर्व महिला क्रिकेटर केएस श्रवन्ती नायडू की मां के इलाज के लिए 6.77 लाख रुपए डोनेट किए हैं। श्रवन्ती के माता-पिता कोरोना से जूझ रहे हैं और ICU में भर्ती हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। श्रवन्ती ने कुछ दिन पहले ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन से सोशल मीडिया पर मदद मांगी थी। श्रवन्ती की बहन एन विद्या यादव ने एक पोस्ट में विराट को भी टैग किया था। विराट ने इसका जवाब देते हुए मदद का ऐलान किया। विद्या पहले BCCI साउथ जोन कन्वेनर भी रह चुकी हैं। उन्होंने कहा, 'मैं विराट की मदद से हैरान हूं। महान क्रिकेटर ने एक महान रोल अदा किया है। मैं मेन्स टीम के फिल्डिंग कोच आर श्रीधर को भी धन्यवाद कहती हूं। उन्होंने विराट से इस बारे में बात की थी।'
कोहली का विराट दिल, पूर्व महिला क्रिकेटर श्रवन्ती की मां के इलाज के लिए 6.77 लाख रुपए डोनेट किए
मई 19, 2021
0
Tags