Type Here to Get Search Results !

बिधनू में स्कूल बस और डंपर की भिड़ंत: शिक्षिका की मौत, छात्र व शिक्षक घायल; दो छात्रों की हालत गंभीर जिला अस्पताल रेफर

  • बिधनू में स्कूल बस और डंपर की भीषण भिड़ंत
  • हादसे में विज्ञान शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव की मौत
  • बस में 35 लोग थे सवार, छात्र और शिक्षक घायल
  • छात्र रौनक की आंख में घुसा कांच, कई लोग घायल
  • गांधी जयंती कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे छात्र-शिक्षक

    कानपुर (वेद गुप्ता)। कानपुर के बिधनू में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार वाहन का कहर देखने को मिला,जहां एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूल बस को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में विज्ञान शिक्षिका की मौत हो गई। वही अन्य छात्र और शिक्षक घायल हो गए। हादसे के वक्त बस में पांच छात्रों समेत 35 लोग सवार थे। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बिधनू सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज करने के बाद दो छात्रों को कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सभी घाटमपुर स्थित मूसानगर रोड के चीना पब्लिक स्कूल में गांधी जयंती के अवसर पर कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे।

हरबसपुर गांव के पास कानपुर-सागर हाईवे पर हुआ हादसा

कानपुर के बर्रा निवासी चीना पब्लिक स्कूल के बस चालक अर्जुन ने बताया कि वह नौबस्ता से बस लेकर घाटमपुर स्कूल जा रहे थे। जैसे ही वह कानपुर सागर हाइवे पर बिधनू थाना क्षेत्र के हरबसपुर गांव के पास पहुंचते ही सामने से मौरंग लदा डंपर आता दिखाई दिया। चालक के मुताबिक डंपर को सामने से आता देखकर उसने बस को बचाने के लिए सड़क से नीचे उतारने का प्रयास किया। इसके बावजूद डंपर ने पहले बस के साइड हिस्से में टक्कर मारी और इसके बाद बस के पिछले हिस्से को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। 

टक्कर लगते ही बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। खिड़कियों के शीशे टूटकर बस के अंदर बिखर गए। इसी दौरान पिछली सीट के पास बैठी विज्ञान शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया गया कि वह खिड़की के पास बैठी थीं। टूटे शीशे के टुकड़े उनके सिर में जा घुसे। साथी शिक्षकों ने आनन-फानन उन्हें बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ऐश्वर्या श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव की पुत्री थीं और बर्रा क्षेत्र में रहती थीं। हादसे में कक्षा सात के छात्र रौनक वर्मा, निवासी बिनगवां की आंखों में कांच के टुकड़े लग गए। उसके साथ उसका भाई कनिष्क कक्षा पांच, छात्रा मैत्री कक्षा पांच निवासी नौबस्ता, सुहानी कक्षा 11 निवासी गल्लामंडी और कुशाग्र कक्षा 10 निवासी मछरिया भी बस में सवार थे। 

दो छात्रों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

हादसे में शिक्षिका अंजू रीता (37) निवासी तौधकपुर और शिक्षक हिमांशु यादव (30) पुत्र स्व. एसपी यादव निवासी जूही लाल कॉलोनी को उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं अर्पित दीक्षित (25) निवासी सागरपुरी, दुर्गा चौहान (37), निखलेश्वर बाजपेई (47) और छात्र रौनक को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया।बस में सवार मैथ टीचर दीपल पाल, निवासी कर्रही ने बताया कि डंपर सामने से बस की ओर आता दिखाई दे रहा था। चालक ने बस को बचाने का प्रयास किया, लेकिन टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। उन्होंने बताया कि हादसे का मंजर देखकर सभी की रूह कांप गई। स्कूल परिवार ने अपना एक साथी खो दिया।



स्कूल की प्रिंसिपल सुभांगी सिंह निजी वाहन से बस के पीछे आ रही थीं। हादसे की जानकारी मिलने पर वह बिधनू सीएचसी पहुंचीं। वहां ऐश्वर्या की मौत की खबर सुनते ही वह बेसुध हो गईं। साथी शिक्षिकाओं ने उन्हें संभाला। वह बार-बार यही कहती रहीं कि ऐश्वर्या के घरवालों को क्या जवाब दूंगी।

चीना पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर पंकज सचान ने बताया कि दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। इसी कार्यक्रम के लिए शिक्षक और छात्र घाटमपुर जा रहे थे। हादसे में शिक्षिका की मौत से पूरा स्कूल परिवार बेहद दुखी है।

ग्रामीणों ने डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया

हादसे के बाद ग्रामीणों ने डंपर चालक को पकड़ लिया और बिधनू पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिक्षिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और डंपर चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

बिधनू पुलिस ने डंपर कब्जे में लेकर जांच शुरू की

बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी, घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, डंपर को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।