Type Here to Get Search Results !

मुलताई कांड के खिलाफ आंदोलन का एलान

सुनीलम को मिली सजा के पीछे कांग्रेस और भाजपा की साजिश
24 किसानों की हत्याओं के दोषी अफसरों को बचाने का आरोप


भोपाल। 


सुनीलम को मिली सजा
मुलताई गोलीकांड के लिए तत्कालीन कांग्रेस सरकार जिम्मेदार थी, जिसके इशारे पर फसल मुआवजा मांग रहे 24 किसानों को गोली मारी गई थी। इसके बावजूद एक भी अफसर को दोषी नहीं ठहराया जा सका है, बल्कि किसानों के लिए संघर्ष करने वाले डॉ. सुनीलम को साजिश के तहत फर्जी गवाहियों और तथ्यों का इस्तेमाल करके सजा दिलवाई गई। इसके विरोध में जन संगठन देशभर में आंदोलन चलाएंगे और उच्च अदालतों के सामने सच्चाई पेश करने की मांग करेंगे।

यह संयुक्त बयान है जन संघर्ष मोर्चा का। इस पर भारत जन आंदोलन के डॉ. ब्रहमदेव शर्मा, जागृत आदिवासी दलित संगठन की माधुरी बेन, भोपाल गैस पीड़ित महिला उद्योग संगठन के अब्दुल जब्बार और शिक्षा अधिकार मंच के डॉ. अनिल सद्गोपाल के हस्ताक्षर हैं। मंगलवार को जारी बयान में मोर्चा का कहना है कि त्रुटिपूर्ण विवेचना और फैसले से ठीक पहले बिना नए तथ्यों का संदर्भ लिए नई धाराओं को जोड़ना भी शासन की द्वेषपूर्ण मंशा की ओर इंगित करता है।

कारपोरेट घरानों की साजिश
जन संघर्ष मोर्चा ने कहा है कि डॉ. सुनीलम की अगुवाई में किसान संघर्ष समिति छिंदवाडा जिले में ताकतवर कारपोरेट घरानों के पॉवर प्लांटों के खिलाफ आंदोलन चला रही है। किसानों की जमीनें, जंगल और पानी छीना जा रहा है, जिसके खिलाफ आवाज उठाने वालों का किसी भी तरह से दमन किया जा रहा है। इसके खिलाफ देशभर के बुद्धिजीवी, जन संगठन और सामाजिक कार्यकर्ता आंदोनल चलाएंगे।