Type Here to Get Search Results !

सलमान को घर में घुसकर ललकारा केजरीवाल ने

कुछ काले झंडे, कई हजार की भीड़, कांग्रेस के खिलाफ हल्ला बोल और ख़त्म हो गई खुला खेल फर्रू खाबादी के खिलाफ रैली 

महाश्वेता तिवारी, लखनऊ/ फर्रुखाबाद.

 सलमान को घर में घुसकर ललकारा केजरीवाल ने
भारत माता की जय, फार्रुखाबाद की जनता की जय, हमारा नेता कैसा हो, जैसे नारों के साथ शुरू हुई केजरीवाल की आज की फर्रुखाबाद की रैली। आज की इस रैली का इन्तजार कांग्रेस और इंडिया अगेंस्ट करप्सन के लोगों के साथ-साथ फर्रुखाबाद के लोग भी बड़ी बेसब्री से कर रहे थे। रैली में करीब 2 बजे अरविन्द केजरीवाल अपने समर्थको के साथ मंच पर पहुचे। मंच पर इस बार का नजÞारा पिछली सभी रैलियो से अलग और जुदा दिखा। न केजरीवाल को माला पहनाई गई और न ही कोई स्वागत सत्कार हुआ। केजरीवाल के साथ संजय सिंह, मनीष सिसौदिया, कुमार विश्वास और गोपाल राय भी मंच पर थे।

केजरीवाल ने खुर्शीद के गढ़ में कांग्रेस पार्टी के खिलाफ बोलते हुए जनसभा की और सलमान को ललकारा। गौरतलब होगा कि, सलमान खुर्शीद ने बीते दिनों केजरीवाल को धमकाते हुए कहा था कि, केजरीवाल फर्रुखाबाद आ तो जाएंगे, लेकिन वापस नहीं जा पाएंगे। इस बयान के बाद बचाल मच गया था और केजरीवाल ने दो टूक कहा था कि गीदड़ भभकियों से वह नहीं डरने वाले और उनकी जिंदगी तो भगवान के हाथ में है, वह जरुर फर्रुखाबाद जाकर सलमान के भ्रष्टाचार के खिलाफ रैली करेंगे। यह पहला मौका था कि अरविंद और उनके साथी किसी सांसद के खिलाफ उसके ही संसदीय क्षेत्र में रैली कर रहे हैं। अरविंद ने खुर्शीद के ट्रस्ट पर विकलांगों को दिए जाने वाली सुविधाओं के नाम पर सरकारी धन हड़पने का आरोप लगाया। केजरीवाल के आरोप थे कि खुर्शीद और उनकी पत्नी लुईस ने विकलांगों को सुविधाएं देने के नाम पर सत्तर लाख रूपये हड़प लिए, उनके द्वारा सौंपी गई सूची में कई नाम फर्जी हैं तो कई गांवों के नाम ही जिले की सूची से गायब हैं। उल्लेखनीय है कि बुधवार को अरविन्द केजरीवाल ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी पर आरोप लगाने के बाद एक बार फिर खुर्शीद को आडे हाथों लिया। भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत गुरूवार को आवास विकास मैदान वाली रैली शाम को करीब 5 बजे ख़त्म हो गई। लेकिन इस रैली ने कांग्रेस और केजरीवाल के बीच एक नई जंग की शुरुआत जरुर कर दी।

विकलांग लडेगा सलमान के खिलाफ 

अरविन्द केजरीवाल
आज की रैली मे जनता का आवाहन करते हुए एक बार फिर से अरविन्द केजरीवाल ने सलमान खुर्शीद के खिलाफ आवाज बुलंद की। केजरीवाल का कहना था की विकलांगो के हक के साथ सलमान खुर्शीद और उन के ट्रस्ट ने लूट की। केजरीवाल ने भाषण की शुरुआत सलमान खुर्शीद की धमकी का जवाब देते हुए की। केजरीवाल ने कहा की हम आए भी सही सलामत और जाएंगे भी सही सलामत। उन्होंने कहा की वह किसी से डरते नहीं है। उन्होंने कहा की महज 25 लोगो के झंडा दिखाने से उन का आन्दोलन रुकेगा नहीं। साथ ही सलमान खुर्शीद और उन की पत्नी पर जांच रिपोर्ट का हवाला देते हुए रिपोर्ट पर फर्जी दस्तखत करने का खुलासा किया। प्रधानमंत्री पर कठोर टिप्पणी करते हुए कहा की प्रधान मंत्री अगर विकलांगो के इस मामले मे कोई कार्रवाई नहीं करते तो उन्हे शर्म से डूब कर मर जाना चाहिए। केजरीवाल ने कहा की इन नेताओं ने विकलांगों के पैसे चोरी किये हंै। उन्होनें एक विकलांग व्यक्ति को ही फर्रुखाबाद से सलमान खुर्शीद के खिलाफ चुनाव मे खड़ा कर जिताने का आव्हान किया। केजरीवाल ने अखिलेश यादव और कांग्रेस की मिलीभगत का आरोप लगाया। इस पूरे भाषण मे केजरीवाल ने सोनिया गांधी, मुलायम सिंह यादव और मायावती पर खुलेआम निशाना साधा। कांग्रेस पर बडे औद्योगिक घरानों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए रसोई गैस की बढ़ी कीमतों के पीछे रिलायंस और कांग्रेस सरकार की मिलीभगत का खुलासा किया। इस दौरान जबर्दस्त नारेबाजी होती रही।

सिर चढ़कर बोला जादू

रैली में इंडिया अगेंस्ट करप्शनइस रैली में इंडिया अगेंस्ट करप्शन के नेता अरविन्द केजरीवाल का जादू भी अवाम के सिर चढ़कर बोलता नजर आया। केजरीवाल ने विकलांगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंच कर रैली को सफल बनाने की अपील की थी। सभा में उत्तरप्रदेश के 17 जिलों के लोगों को विशेष तौर पर बुलाया गया था। फर्रुखाबाद के अलावा कन्नौज, शाहजहांपुर, कानपुर, मैनपुरी, इलाहाबाद, इटावा, बुलंदशहर, कांशीरामनगर, एटा, संत रविदासनगर, मुरादाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बरेली, रामपुर, सिद्धार्थनगर, हरदोई के उन विकलांगों को भी बुलाया गया, जिनका नाम डा. जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से बांटे गए उपकरण पाने वालों में दर्ज है। यह सारे विकलांग सभा के दौरान मंच पर केजरीवाल के साथ बैठे रहे। सभी विकलांगो को बारी-बारी से बोलने का मौका दिया गया। सभी विकलांगो ने खुलकर बताया की उन के साथ किस तरह धोखा हुआ है और उनके नाम पर उपकरण बांटने का फर्जी रिकार्ड तैयार करके लाखों रुपए सलमान खुर्शीद और लुईस खुर्शीद ने हड़प लिए।

बिहार से पहुंचा जत्था
आवास विकास मैदान में आज की रैली में बिहार के सरपंचों का एक बड़ा जत्था भी पंहुचा था। बिहार राज्य ग्राम कचहरी महासंघ के सरपंच अपने साथियों के साथ अरविन्द केजरीवाल की जनसभा में भाग लेने के लिए पहुंचे। महासंघ के प्रदीप कुमार का कहना था कि केजरीवाल का आंदोलन बिहार में जमीनी स्तर पर पहुंच गया है। महासंघ उनके साथ है। इस के अलावा देश के कई हिस्सों से लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ हुई इस रैली मे भाग लेने के लिए पहुंचे हुए थे। इस के अलावा भारतीय किसान यूनियन और उत्तर प्रदेश टीइटी संघ के सैकड़ों कार्यकर्ता भी केजरीवाल की रैली को सफल बनाने के लिए पहुंचे।

विकालांगों के नाम पर खुर्शीद ने लूटा
केजरीवाल टीम के अहम् सदस्य संजय सिंह ने फर्रुखाबाद की जनता का आव्हान करते हुए अगली बार चुनाव में सलमान खुर्शीद को बदलने का कहा। संजय सिंह का कहना था की विकलांगो के नाम पर सलमान खुर्शीद ने खुली लूट की, जिसमें उनकी बीबी लुईस भी शामिल हैं।

टेडी बियर हैं राहुल

कवि कुमार विश्वास
इसके साथ ही अपने खास अंदाज में कविताओं को पेश करने वाले कवि कुमार विश्वास ने सलमान खुर्शीद पर हमला बोला। उन्होंने कविताओं के माध्यम से कांग्रेस को घेरते हुए उन्हे अगले चुनाव मे वोट न देने का आव्हान किया। कुमार विश्वास ने कांग्रेस पर हमला बोलने के बाद अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए उन्हे भ्रष्ट नेताओं के समर्थन का आरोप लगाया। साथ ही राहुल गाँधी की संज्ञा टेडी बियर से करते हुए उन पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही राहुल और अखिलेश दोनों से भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़ होने की अपील भी की।

रैली में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
रैली को ले कर सुरक्षा व्यवस्था काफी चाक चौबंद की गई थी। पुलिस ने आवास विकास मैदान को पूरी तरह से छावनी में तब्दील कर दिया गया था। रैली मे किसी तरह की कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए पुलिस के अलावा पीएसी के सैकड़ो जवानों को अलग से लगाया गया था। रैली में मैटल डिटेक्टर लगाए गये थे। हर आने जाने वाले पर नजÞर राखी जा रही थी। किसी तरह की कोई गड़बड़ी न हो इस के चलते रैली मे आने वाले हर व्यक्ति की सघन तलाशी ली जा रही थी।

कांग्रेसियों ने किया हमला

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ झड़प
केजरीवाल की रैली से ठीक पहले रैली मे शामिल होने जा रहे भारतीय किसान यूनियन के नेताओं की कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ झड़प हो गई। भारतीय किसान यूनियन के नेता मुन्ना शुक्ल का आरोप है की रैली मे व्यवधान उत्पन्न करने आ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन पर जानलेवा हमला करते हुए उन की जमकर पिटाई की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.