भोपाल। आयकर विभाग की सर्वोच्च संस्था केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड, नई दिल्ली के खिलाफ आयकर कर्मचारी महासंघ एवं आयकर राजपत्रित अधिकारी संघ के दिनांक 16/11/2026 से आंदोलनरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी 12 सूत्रीय मांगों के समर्थन में विरोध स्वरूप पूरे मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ प्रभार के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, मुख्य आयकर आयुक्त और प्रधान आयकर आयुक्त स्तर के कार्यालयों में अधिकारियों के कक्ष के सामने धरना प्रदर्शन किया। उपरोक्त संबंध में जानकारी देते हुए मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ सर्कल जेसीए के संयुक्त संयोजक महेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि बोर्ड द्वारा लगातार चर्चा करने और आश्वासन दिये जाने के उपरांत भी कर्मचारी एवं अधिकारियों की जायज मांगों को निरंतर अनदेखा किया जा रहा है। चरणबद्ध आंदोलन के क्रम में आज दिनांक 19/11/2026 को भोपाल स्थित प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त एवं प्रधान आयकर आयुक्त के कक्षों के सामने एकत्रित होकर धरना प्रदर्शन किया गया।
प्रमुख मांगें :–
1. विभाग में लंबित कैडर रिस्ट्रक्चरिंग एवं पुनर्गठन को शीघ्र अंतिम रूप दिया जाये।
2. आयकर अधिकारियों की आल इंडिया वरिष्ठता सूची का शीघ्र प्रकाशन।
3. भारतीय राजस्व सेवा के भर्ती नियम।
4. आयकर निरीक्षक, कार्यालय अधीक्षक एवं कर सहायक के भर्ती नियमों में संशोधन।
5. अंतरप्रभार स्थानांतरण पॉलिसी की पुनर्बहाली।
6. विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिये लैपटॉप का वितरण।
7. कर्मचारियों का आईटीबीए मॉड्यूल पर कार्य आवंटन इत्यादि।
आंदोलन का अगला चरण :–
1. आंदोलन के अगले चरण में दिनांक 26 नवम्बर 2026 को आयकर कर्मचारी महासंघ एवं आयकर राजपत्रित अधिकारी संघ के सदस्य कार्यालय से बहिर्गमन कर मांगों के समर्थन में नारेबाजी करेंगे।
2. दिनांक 01 दिसम्बर 2026 से जेसीए के कोई सदस्य विभाग द्वारा की जाने वाली किसी भी सर्च एवं सर्वे (टीडीएस के सर्वे सहित) की कोई भी कार्यवाही में भाग नहीं लेंगे।
3. दिनांक 09, 10 एवं 11 दिसम्बर 2026 को तीनों दिन कार्यालय से बहिर्गमन कर मांगों के समर्थन में नारेबाजी करेंगे।
आयोजित धरना प्रदर्शन में जे.सी.ए. के संयुक्त संयोजक महेन्द्र सिंह ठाकुर, संजय समटेके, राजेन्द्र पटेल, देवेंद्र दांगी, आशाराम बाथम, एजीव शर्मा, शिव प्रताप यादव, रामसिंह परमार, बालम सिंह, अजय सिंह ठाकुर, रंजीत कुमार, भगवान केवलानी, संजय श्रवण, गोविंद खंडेलवाल, अनिल बाथम, सुरेंद्र रायकवार, गणेश देशा, मनोहर अहिरवार, प्रतिष्ठा अग्निहोत्री, प्रतिमा परिहार, चित्रा गौड़, मिताली श्रीवास्तव, सालिम सफ़दर, अभिषेक सरावगी, विपिन गुप्ता, आशीष मोदगिल, अक्षय पुरोहित, राजेंद्र सिंह परमार, कमल जोशी, सौरभ चौरे, पंकज उपरेती, प्रभात सिंह, अनवर खान, दर्शनदीप, प्रदीप छिपा, अजय साहू, गौतम रंजन, अमरिंदर सिंह, देवेन्द्र गर्ग, राजेश बड़ोले इत्यादि नेताओं सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।


