भोपाल। अंतरराष्ट्रीय हॉकी अंपायर एवं तकनीकी अधिकारी फहीम मोहम्मद खान को पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के लिए तकनीकी अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता 27 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक पंजाब के जालंधर एवं मोहाली में आयोजित होगी।
फहीम मोहम्मद खान इससे पहले ओलंपिक क्वालीफायर, एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (ओमान), एशिया कप (मलेशिया एवं इंडोनेशिया), सुल्तान अजलान शाह कप (मलेशिया), भारत-बेलारूस हॉकी टेस्ट सीरीज तथा भारत-ऑस्ट्रेलिया हॉकी टेस्ट सीरीज जैसी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं में तकनीकी अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। वे अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) के अंतरराष्ट्रीय तकनीकी अधिकारियों के पैनल में भी शामिल हैं।
इस प्रतियोगिता में भारत, मलेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन और बांग्लादेश सहित छह टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी एशिया की प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसमें विभिन्न देशों की शीर्ष टीमें हिस्सा लेंगी।
फहीम मोहम्मद खान की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में तकनीकी अधिकारी के रूप में नियुक्ति उनके अंतरराष्ट्रीय अनुभव एवं हॉकी के क्षेत्र में उपलब्धियों को दर्शाती है। उनके चयन से भोपाल के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
