ब्यूरो, बेगमगंज.
कक्षा तीसरी में पढ़ने वाले दो नन्ने मुन्ने बच्चे अपनी अपनी मम्मी की मार पीट से घबराकर घर छोड़कर भाग निकले। हालांकि, किसी अनहोनी से पहले ही डरे-सहमे बच्चों को पुलिस ने पकड़ लिया और समझाबुझा कर उनके मां बाप के हवाले कर दिया।
पुलिस ने बताया कि, वार्ड-13 के हनुमान बाग निवासी खुमानचंद का पुत्र रोहित 8 वर्ष एवं सूरज सिंह की पुत्री अंजली 9 वर्ष दोनो बच्चे शासकीय स्कूल में कक्षा 3 में पढ़ते हैं। रोहित अपनी सौतेली मां सुनीता एवं अंजली अपनी मां लक्ष्मी की रोज रोज की मारपीट से घबराकर आज दोपहर को घर से भाग लिए। जिन्हें शाम को कान्वेंट स्कूल के टीचर ने कोलू घाट के पास अकेले जाते देखकर अपनी बाइक रोकी और दोनों बच्चों से पूछताछ करने लगा। इस पर दोनों मासूम बच्चों ने बताया कि उन्हें उनकी मम्मी मारती पीटती है, इसलिए वे घर से भाग कर जा रहे है। बच्चों ने कहा कि, पांच रुपए दे दो तो हम गैरतगंज अपने पापा के पास पहुंच जाएगें।
इस पर टीचर दोनों बच्चों को अपने साथ लेकर बेगमगंज थाने पहुंचा और थाना प्रभारी एनके नाहर को सारी जानकारी देकर बच्चों को सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी ने बच्चों के मां बाप की तलाश करवाने के बाद थाने बुलाया और कड़ी फटकार लगाते हुए आइंदा बच्चों को इस तरह मारपीट नहीं करने की समझाइश देकर बच्चों को उनके हवाले कर दिया।
सौतेली मां की मार के डर से घर से भागे बच्चे
मार्च 20, 2013
Tags
