रेलिक रिपोर्टर, झाबुआ.
शनिवार को जिला भाजपा कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी के संभागीय संगठन मंत्री शैलेन्द्र बरूआ के मुख्य आतिथ्य में तथा सदस्यता अभियान के प्रदेश संगठन की ओर से पूर्णकालिक अजयसिंह रघुवंशी द्वारा जिले के सभी भाजपा पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, विस्तारको एवं सदस्यता अभियान के प्रभारियों की अल्पसूचना पर परिचयात्मक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए बरूआ ने कहा कि भाजपा के संविधान में हर 6 साल में सदस्यता का नवीनीकरण करवाना जरूरी होने से सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को भी अपनी सदस्यता का नवीनीकरण नये सिरे से करवाना होगा। विश्व में इस समय चीन की साम्यवादी पार्टी ही सबसे बडी राजनैतिक पार्टी है, जिसके 8 करोड से अधिक सदस्य है। भाजपा इस सदस्यता के कीर्तिमान को ध्वस्त करते हुए 10 करोड से अधिक सदस्य बनाकर विश्व की सबसे बडी राजनैतिक पार्टी बनने जा रही है। विस्तारक की ड्युटी के बारें उन्होने कहा कि विस्तारक को 3 माह के लिये अपने मूल क्षेत्र से आवंटित क्षेत्र में रहकर कार्य करना है और वही रहना है।
बैठक को कुश्वाह, भाजपा जिलाध्यक्ष शैलेष दुबे ने भी संबोधित किया। बैठक में जिला प्रभारी विजय नायर, विधायक कलसिंह भाबर, शांतिलाल बिलवाल, नपा अध्यक्ष धनसिंह बारिया के अलावा राजू डामोर, प्रवीण सुराणा, राजेन्द्र सोनी, गोपाल पंवार सहित बडी संख्या में प्रभारी एवं विस्तारक तथा पदाधिकारी उपस्थित थे।
सदस्यता अभियान पर भाजपा की परिचयात्मक बैठक
दिसंबर 27, 2014
Tags

