Type Here to Get Search Results !

पुलिस अधिकारी अपनी वर्दी की इज्जत बनाये रखें : मुख्यमंत्री कमल नाथ

भोपाल 
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने कहा है कि हमारा देश विविधताओं का देश है। इसकी खूबसूरती यही है कि भिन्न-भिन्न वेशभूषा, भाषा, रस्मो-रिवाज के लोग देश के झंडे के नीचे एकता के साथ रहते हैं। यह एक बड़ी चुनौती है। यह तभी संभव हो पाता है, जब देश की विविध संस्थागत इकाईयों में एकता रहे। इन इकाईयों में एकता लाने और इन्हें मजबूत रखने का दायित्व पुलिस का है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी अपनी वर्दी की इज्जत बनाये रखें। मुख्यमंत्री आज छिंदवाड़ा में पुलिस विभाग के विभिन्न निर्माण कार्यो के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने म.प्र. पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम के माध्यम से नव-निर्मित प्रशासकीय भवन रक्षित केंद्र, सी.सी.टी.व्ही. नियंत्रण कक्ष और आठवीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल के प्रशासकीय-सह-प्रशिक्षण भवन का लोकार्पण और नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग के माध्यम से छिंदवाड़ा जिले में पुलिस विभाग के 7 भवनों में 115 किलोवाट क्षमता के 69 लाख रूपये लागत के रूफ टॉप सोलर पावर प्लांट संयंत्रों की स्थापना का भूमिपूजन किया।
पुलिस की वेबसाइट 'सिटीजन को-एप' लाँच
मुख्यमंत्री श्री नाथ ने कहा कि जमाना नई तकनीकी का है। परिवर्तन का दौर है। देश की पुलिस को भी नई-नई टेक्नोलॉजी अपनानी होगी। उसमें सक्षम बनना होगा। पुलिस विभाग की पूरी शक्ति नवीन टेक्नोलॉजी पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि नियमों, कानूनों का उपयोग गरीबों और कमजोर वर्गो के लिये किस तरह हो सकता है, यह देखना पुलिस की जिम्मेदारी है। पुलिस समाज की रक्षक बने, समाज सेवक बने, यही पुलिस का परम कर्तव्य है। श्री नाथ ने कहा कि पुलिस विभाग बहुत महत्वपूर्ण है। आवश्यकता है कि विभाग का मनोबल बना रहे। उन्होंने पुलिस विभाग द्वारा तैयार की गई वेबसाईट 'सिटीजन को-एप' को लाँच किया। इस एप से आम जनता की पुलिस से सीधी भागीदारी हो सकेगी और महिला सुरक्षा, चोरी की वारदातें, सड़क दुर्घटनाओं आदि पर पुलिस पहले की तुलना में ज्यादा त्वरित गति से काम कर सकेगी।
पुलिस कर्मियों के मेधावी बच्चे पुरस्कृत
मुख्यमंत्री ने म.प्र. पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम की ओर से पुलिस विभाग के कर्मचारियों के मेघावी विद्यार्थियों सुश्री आरूषि उसरेठे, राहुल तिवारी, सुश्री सोनाली डहेरिया, सुश्री कामाक्षा वर्मा, अभिषेक सनोड़िया, आयुष बघेल, सुश्री ओशीन डोंगरे और सुश्री दीपा मरकाम को 25-25 हजार रूपये की राशि के चेक और प्रमाण पत्र प्रदान किये। साथ ही आठवीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल के नव-निर्मित अस्पताल के लिये इलेक्ट्रॉनिक ई.सी.जी.मशीन प्रदान की।
म.प्र. पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम के अध्यक्ष एवं पुलिस महानिदेशक श्री व्ही.के. सिंह ने इस मौके पर निगम और पुलिस विभाग के कार्यो और उपलब्धियों की जानकारी दी। प्रबंध संचालक श्री संजय राणा ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम में विधायक सर्वश्री दीपक सक्सेना, सोहनलाल वाल्मिकी, सुनील उईके और निलेश उईके, संभागायुक्त श्री आशुतोष अवस्थी, पुलिस महानिदेशक श्री अनंत कुमार सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.