Type Here to Get Search Results !

भोपाल को मिली हवाई सेवा की सौगात

भोपाल 
मध्यप्रदेश को आज से हैदराबाद के लिए सीधी हवाई सेवा का उपहार मिला। मुख्यमत्री श्री कमल नाथ ने आज राजा भोज हवाई अड्डे से इंडिगो एयरलाइन्स की भोपाल-हैदराबाद सीधी सेवा का आज शुभारम्भ किया। श्री कमल नाथ ने कहा कि पूरी दुनिया, देश और प्रदेश में निरंतर परिवर्तन हो रहा है। पहले लोग रेलवे स्टेशनों की ओर दौड़ते थे अब फ्लाइट पकड़ने एयरपोर्ट की ओर दौड़ते हैं। युवा पीढ़ी कम्प्यूटर पर बड़े-बड़े काम करती है। इन परिवर्तनों को समझने की जरूरत है। 
 मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने भोपाल-हैदराबाद विमान सेवा का शुभारंभ किया।
श्री कमल नाथ ने कहा कि परिवर्तन के इस दौर में मध्यप्रदेश को लाभ कैसे मिल सकता है। इस दिशा में काम करने की जरूरत है। मध्यप्रदेश को देश और दुनिया मे होने वाले परिवर्तनों से जोड़ना होगा। परिवर्तन से जुड़े बिना प्रदेश के भविष्य का नक्शा नहीं बन सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की पहचान सबसे ज्यादा रोज़गार के मौके देने वाले प्रदेश के रूप में बनाना है। यह सबकी साझा चुनौती है। श्री नाथ ने इंडिगो एयर लाइन्स को सेवाएँ शुरू करने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में ज्यादा से ज्यादा सेवाएँ दें और मध्यप्रदेश के दिल में बस जाएं। सरकार हर प्रकार से सहयोग करेगी। उन्होंने हैदराबाद जा रहे यात्रियों को शुभकामनाएँ दी। 
नागरिक विमानन मंत्री श्री पी.सी. शर्मा ने हवाई सेवा बढ़ाने के लिये इंडिगो को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि अन्य एयरलाइन्स की सेवाओं का भी प्रदेश में स्वागत है। उन्होंने प्रसन्नता जाहिर की कि मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ के हाथों इस सेवा की शुरुआत हुई है। 
सांसद श्री आलोक संजर ने भोपाल से पूना के लिए भी सेवा की मांग की। श्री रामेश्वर शर्मा ने कहा कि भोपाल-हैदराबाद की सेवा सिर्फ भोपाल ही नहीं बल्कि प्रदेश के लिए उपलब्धि है। 
मप्र तेजी से विकास करेगा
इंडिगो एयर लाइन्स के अध्यक्ष श्री रोनोजॉय दत्ता ने आशा व्यक्त की कि श्री कमल नाथ के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से आर्थिक विकास करेगा। उन्होंने बताया कि मुम्बई और बैंगलुरु के लिए भी सेवाएँ शुरू हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि पहले माना जाता था कि जहाँ नदियाँ हैं वहीं विकास होगा। आज माना जाता है कि जहाँ एयरपोर्ट है, वहीं विकास होगा। उन्होंने राज्य सरकार को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। 
श्री अनिल विक्रम निदेशक भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण राजा भोज एयरपोर्ट ने स्वागत भाषण में कहा कि प्राधिकरण की सेवाएँ बढ़ाने में राज्य सरकार का भरपूर सहयोग मिला। श्री राहुल भाटिया सी.एम.डी इंडिगो एयरलाइन्स ने यात्रियों को शुभकामनाएँ दी और आभार माना।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.