Type Here to Get Search Results !

यूपी एटीएस को मिली संदिग्ध आतंकियों की रिमांड, सहारनपुर से हुए थे अरेस्ट

लखनऊ
यूपी पुलिस के आतंक रोधी दस्ते (एटीएस) ने सहारनपुर के देवबंद से दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इन आतंकियों का संबंध जैश-ए-मोहम्मद से बताया जा रहा है। यूपी के डीजीपी ओपी सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इनमें से एक आतंकी शहनवाज अहमद तेली कश्मीर के कुलगाम का रहने वाला है। शहनवाज जैश का सक्रिय मेंबर है। जबकि दूसरा आतंकी अकीब अहमद मलिक पुलवामा का रहने वाला है। ये दोनों खुद को छात्र बताकर वहां रह रहे थे। पुलिस इन आतंकियों के पुलवामा हमले से जुड़े तार भी तलाश रही है। यूपी एटीएस को शुक्रवार को गिरफ्तार संदिग्ध आतंकियों की दो दिनों की रिमांड मिली, जिसके बाद टीम उन्हें लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गई है।
 
ग्रेनेड का एक्सपर्ट शहनवाज
डीजीपी ने बताया था कि शहनवाज को आतंकी संगठन की तरफ से भर्ती का काम दिया गया था। इसी मकसद से वह कई बार देवबंद आ चुका था। लंबे समय से पुलिस टीम दोनों आतंकियों की निगरानी कर रही थी। उन्होंने बताया कि दूसरा आतंकी आकिब, शहनवाज का साथी है। पुलिस के मुताबिक, शहनवाज को ग्रेनेड का एक्सपर्ट माना जाता है।