खंडवा संसदीय क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में सोमवार को कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा बार-बार नारे लगाते हुए व्यवधान उत्पन्न करने पर पार्टी सांसद नंदकुमार सिंह चौहान तैश में आ गए। उन्होंने यहां तक कह दिया ये बदमाश लोग। ये गद्दार हैं।
ये पार्टी विरोधी हैं। पार्टी का भला नहीं चाहते। ये लोग पार्टी के खिलाफ हैं। स्थिति को बिगड़ता देख पार्टी प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने फौरन मोर्चा संभाला। नारेबाजी कर रहे कार्यकर्ताओं और चौहान को भी शांत रहने को कहा। कार्यक्रम में मना करने के बावजूद कुछ लोग बार-बार निमाड़ की नैया नंदू भैया के नारे लगा रहे थे। इन्हें समझाइश देने गए कुछ कार्यकर्ताओं में विवाद हो गया। पुलिसकर्मियों को हस्तक्षेप कर विवाद करने वालों को दूर करना पड़ा। विधायक देवेंद्र वर्मा, सांसद और प्रदेश अध्यक्ष की समझाइश के बावजूद लोग नहीं माने तो सांसद तैश में आ गए। उनके गुस्से को शांत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने माइक हाथ में लिया और लोगों को समझाइश दी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा देश में दूसरी बार फिर से नरेंद्र मोदी की सरकार बनती है तो अगले दो महीने में मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार चली जाएगी और भाजपा की सरकार बनेगी। हम 20 से अधिक सीटें मामूली अंतर से हार गए। इसीलिए पार्टी कहती है कि एक-एक वाेट की कीमत है। दो महीने में हमारी और पराई सरकार का फर्क पता चल गया।
विधानसभा चुनाव में विरोधियों ने जहर घोलने का काम किया : लोकसभा क्षेत्र के संयोजक और खंडवा विधायक देवेंद्र वर्मा ने कहा पिछले चुनाव में हमारी सरकार नहीं बनी। विधानसभा चुनाव में हमारे विरोधियों ने अनेक प्रकार का जहर फैलाने का काम किया और समाज को तोड़ने का काम किया, लेकिन हमें एक बार पुन: एकजुट होने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा शांति बनाए रखें। यह कार्यक्रम शहीदों को समर्पित है। किसी को लगता है हिंदू खतरे में, किसी को लगता है मुसलमान खतरे में है। धर्म का चश्मा उतारो यारों पाकिस्तान खतरे में है।
कुछ दूसरे लोग आ गए थे, हमारे नहीं थे वो
आज यहां से हजारों कार्यकर्ता संकल्प लेकर गए कि लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जिताएंगे। नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने में खंडवा का भी योगदान रहेगा। जो व्यवधान पैदा कर रहे थे, वो गद्दार थे। कुछ लोग दूसरे आ गए थे। हमारे नहीं थे, वो। -नंदकुमार सिंह चौहान, सांसद