Type Here to Get Search Results !

रोक के बावजूद योगी आदित्यनाथ पहुंचे पुरुलिया, कहा- बर्बर और निर्मम हैं ममता

कोलकाता
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच छिड़े सियासी संग्राम के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रोक के बावजूद बंगाल के पुरुलिया पहुंचे। पुरुलिया में जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि वेस्ट बंगाल में अराजक, अलोकतांत्रिक, असंवैधानिक टीएमसी की सरकार है। इसके पहले सीएम योगी का हेलिकॉप्टर झारखंड के बोकारो में लैंड हुआ। इसके बाद वह सड़क मार्ग से पुरुलिया में जनसभा वाले स्थान पर पहुंचे।


पुरुलिया में जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'जिस धरती ने विपरीत परिस्थितियों में देश को संबल दिया था। आप सब जानते हैं कि ये बंगाल की ही धरती है जिसमें रामकृष्ण परमहंसजी ने आध्यात्मिक साधना के दम पर लोगों को नया संबल दिया था। स्वामी विवेकानंदजी ने पूरी दुनिया के अंदर रहने वाले हिंदुओं को कहा था कि गर्व से कहो हम हिंदू हैं। यह भाव पैदा करने वाली धरती है। स्वामी विवेकानंदजी ने दुनिया के अंदर रहनेवाले भारतवासियों से कहा था कि अपने धर्म और संस्कृति पर गौरव की अनुभूति करो। यह वही बंगाल की धरती है, जिसने इस देश को राष्ट्रगान गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर के द्वारा दिया। राष्ट्रगान का वह गौरव इस धरती ने देश को दिया।'

योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'मुझे आश्चर्य होता है कि बंगाल की धरती तो वास्तव में भारतीय जनता पार्टी की धरती होनी चाहिए क्योंकि बीजेपी पूर्ण जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इसी बंगाल की धरती की देन थे। आपने बंगाल के अंदर एक निर्मम, एक बर्बर, एक अलोकतांत्रिक, एक भ्रष्ट ममता बनर्जी के नेतृत्ववाली टीएमसी सरकार के खिलाफ जो मोर्चा लिया, मैं इसके लिए आप सभी का हृदय से अभिनंदन करता हूं।'

पुरुलिया पहुंचने से पहले सीएम योगी ने कहा कि वेस्ट बंगाल सरकार अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक गतिविधियों में उलझी हुई है। उन्होंने कहा, 'अपनी इन गतिविधियों को छिपाने के लिए वह बंगाल में मुझ जैसे 'संन्यासी' और 'योगी' को बंगाल में एक कदम नहीं रखने दे रही है।'


'जमीनी स्तर पर तथ्यों को देखते हुए नहीं दी गई अनुमति'पुरुलिया के एसपी आकाश मघारिया ने कहा कि जमीनी स्‍तर पर तथ्‍यों और आंकड़ों को देखते हुए रैली की अनुमति नहीं दी गई है। इससे पहले मध्‍य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि उन्‍हें बेहरामपुर में रैली की अनुमति नहीं दी जा रही है। इस बीच बीजेपी के नेता शाहनवाज हुसैन का भी रास्‍ता रोका गया था। इससे पहले पुरुलिया में हेलिकॉप्‍टर के लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने पर यूपी के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने ट्वीट कर ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा था।


सीएम योगी ने किया ममता सरकार पर हमला
सीएम योगी ने कहा, 'मुझे अत्यंत दुःख है कि गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर की कर्मभूमि, हमारा बंगाल, आज ममता बनर्जी और उनकी सरकार की अराजकता तथा गुंडागर्दी से पीड़ित है। अब समय है कि बंगाल को एक सशक्त लोकतांत्रिक आंदोलन के माध्यम से संविधान की रक्षा हेतु इस सरकार से मुक्त किया जाए। मैं आज पुरुलिया में आप सबके बीच इस आंदोलन की ध्वजा लेकर भ्रष्टाचारियों के गठबंधन के लिए चुनौती बनकर खड़ा होऊंगा।'
Tags