लखनऊ
लखनऊ में राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया रोड शो
कर रहे हैं। कांग्रेस की महासचिव बनने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा पहली
बार लखनऊ आई हैं। तीनों एक बस की छत पर सवार हैं। उनके साथ कांग्रेस प्रदेश
अध्यक्ष राज बब्बर,राजीव शुक्ला, पीएल पुनिया और आरपीएन सिंह समेत कई नेता
भी हैं। यह बस कांग्रेस की लकी बस बताई जा रही है। प्रियंका के रोड शो को
लेकर कांग्रेसियों सहित लखनऊ के स्थानीय लोगों में काफी उत्साह है। लखनऊ को
पोस्टरों और होर्डिंग से पाट दिया गया है जिसमें प्रियंका का दुर्गा अवतार
देखने को मिल रहा है।
15.47 PM: राहुल, प्रियंका और ज्योतिरादित्य केरोड शो के
दौरान ऐसा समय भी आया जब काफिला बिजली के तारों की वजह से थोड़ी देर के लिए
रुक गया। तारों की वजह से सभी नेताओं को नीचे बैठना पड़ गया। इससे पहले
2017 में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी राहुल और अखिलेश यादव के रोड
शो में ऐसा ही मंजर देखने को मिला था।
15.32 PM: राहुल, प्रियंका और ज्योतिरादित्य का काफिला हुसैनगंज पहुंचा। सड़कों पर कार्यकर्ताओं का जोश देखने को मिल रहा है।
15.01PM: राहुल, प्रियंका और ज्योतिरादित्य का काफिला चारबाग पहुंचा।
14.01 PM: रॉबर्ट वाड्रा ने फेसबुक पर प्रियंका गांधी को
सियासी पारी के लिए शुभकामनाएं दीं। रॉबर्ट वाड्रा ने लिखा, 'उत्तर प्रदेश
में नए सफर और देश के लोगों की सेवा करने के लिए मेरी शुभकामनाएं। आप मेरी
बेस्ट फ्रेंड, परफेक्ट वाइफ और हमारे बच्चों की बेस्ट मदर रही हैं। इस वक्त
बदले की राजनीति का माहौल है लेकिन मैं जानता हूं लोगों की सेवा करना उनका
कर्तव्य है और अब उन्हें देश की जनता को सौंपते हैं। कृपया आप उन्हें
सुरक्षित रखिएगा।'
15.07PM: प्रियंका, राहुल और ज्योतिरादित्य का काफिला
मवैया रेलवे अंडरपास से गुजरा तो इस दौरान रथ की ऊंचाई की वजह से सभी
नेताओं को नीचे बैठना पड़ा।
13.57 PM: राहुल, प्रियंका और ज्योतिरादित्य के रोड शो में 'चौकीदार चोर है' के नारे लग रहे हैं।
13.39 PM: कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल, प्रियंका और
ज्योतिरादित्य पर फूल बरसा रहे हैं। लखनऊ-कानपुर रोड पर कार्यकर्ताओं की
भीड़ है। राहुल हाथ में राफेल विमान का कटआउट लिए हुए हैं।
13.09 PM: कांग्रेस का मेगा रोड शो शुरू हुआ। एयरपोर्ट से बाहर निकला काफिला। राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी हैं।
12.4 5PM: प्रियंका गांधी लखनऊ पहुंचीं। साथ में राहुल गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी हैं। थोड़ी देर में शुरू होगा रोड शो।
12.20 PM: प्रियंका गांधी अपने रोड शो के दौरान लखनऊ के
लालबाग चौराहे पर रैली करेंगी। यह जगह बीजेपी के लखनऊ दफ्तर से तकरीबन 500
मीटर की दूरी पर है।
11.59 AM: लखनऊ आने से पहले प्रियंका आधिकारिक रूप ट्विटर
पर आ गई हैं। कांग्रेस ने ट्वीट कर जानकारी दी। प्रियंका गांधी का ट्विटर
हैंडल @priyankagandhi है।
11.30 AM: प्रियंका, राहुल और ज्योतिरादित्य के साथ लखनऊ के लिए रवाना हुईं।
11.02AM: वह इसे रोड शो कह रहे हैं, लेकिन यह चोर मचाए
शोर जैसा लग रहा है। गांधी वाड्रा परिवार जमानत पर बाहर है। वे रोड नहीं कर
सकते बल्कि चोर शो कर सकते हैं। यूपी के लोग, खासकर लखनऊ, उन लोगों के
भ्रष्ट चेहरे देखेंगे जिन्होंने राष्ट्र के 12 लाख करोड़ रुपये लूटे हैं-
सिद्धार्थ नाथ सिंह (यूपी के स्वास्थ्य मंत्री)
10.20 AM: लखनऊ में रोड शो के रवाना होने से पहले प्रियंका गांधी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के घर पहुंचीं।
8.30 AM: राहुल गांधी ने किया ट्वीट, 'लखनऊ आ रहा
हूं। प्रियंका गांधी वाड्रा जी और ज्योतिरादित्य सिंधिया जी साथ होंगे।
दोपहर करीब 12 बजे, लखनऊ के हवाई अड्डे से पार्टी मुख्यालय तक रोड-शो का
आयोजन किया गया है। आप सभी से मिलने को उत्साहित हूं।'
कांग्रेस की लकी बस से रोड शो करेंगी प्रियंका
लखनऊ में प्रियंका, राहुल और ज्योतिरादित्य के साथ जिस बस से रोड शो
करेंगी वह बेहद खास है। दरअसल, यही बस 2017 में पंजाब विधानसभा चुनाव के
कैंपेन में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस्तेमाल की थी। उसके बाद वहां पार्टी
को ऐतिहासिक जीत मिली थी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस बस को काफी लकी
माना जाता है। यह बुलेटप्रूफ है जिसमें एक हाइड्रॉलिक सीट है जो बस की छत
से बाहर आ जाती है। यह पंजाब से लखनऊ शनिवार को ही लाई जा चुकी है।
प्रियंका के रोड शो के लिए लखनऊ को होर्डिंगों, पोस्टरों और बैनरों से पाट
दिया गया है। इन होर्डिंग-बैनरों से प्रियंका के स्वागत से लेकर बीजेपी पर
वार तक किया गया है। एक पोस्टर में तो प्रियंका गांधी को मां दुर्गा के रूप
में दिखाया गया है। दूसरे पोस्टर्स में प्रियंका का जोरदार तरीके से वेलकम
किया गया है। पोस्टर में लिखा हैं- 'मां दुर्गा का रूप बहन प्रियंका जी।
प्रियंका के स्वागत में तैयार प्रियंका सेना
प्रियंका के स्वागत के लिए यूपी कांग्रेस के नेताओं ने प्रियंका सेना
भी बनाई है। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ता पिंक टी-शर्ट और पैंट पहने दिख रहे
हैं। इसमें प्रियंका गांधी की तस्वीर भी बनी है। सम के सिलचर से कांग्रेस
सांसद सुष्मिता देव ने अपने ऑफिशल ट्विटर अकाउंट से कुछ तस्वीरें शेयर की
हैं। इन तस्वीरों में सुष्मिता प्रियंका सेना के साथ नजर आ रही हैं।
राजधानी लखनऊ में सोमवार को रोड शो के बाद कांग्रेस के पूर्वी यूपी मामले
के प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा और पश्चिमी यूपी के प्रभारी
ज्योतिरादित्य सिंधिया अगले तीन दिन अपने-अपने क्षेत्रों के लोकसभा सीटों
में चुनावी खाका खींचेंगे। बैठकें लोकसभा क्षेत्र के संगठन और नेताओं की
होंगी। प्रियंका के हिस्से में जहां 42 लोकसभा क्षेत्र हैं, वहीं
ज्योतिरादित्य के हिस्से में 38। हर लोकसभा क्षेत्र से तकरीबन 20 लोगों को
बुलाया गया है।
हर रोज 12 घंटे के 'महामंथन' में शामिल होंगी प्रियंका
प्रियंका ने तीन दिनों तक हर रोज करीब 12 घंटे यूपी के अलग-अलग हिस्सों
से आए प्रतिनिधियों से मिलने का फैसला किया है। इसके अलावा प्रियंका के इस
दौरे में रोड-शो और लखनऊ में एक सभा का भी कार्यक्रम है। पार्टी सूत्रों
के अनुसार, 3 दिन के प्रवास में प्रियंका और ज्योतिरादित्य सिंधिया यहां
अपने-अपने प्रभार वाले लोकसभा क्षेत्र के संगठन और वरिष्ठ नेताओं से एक-एक
करके मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोनों नेता 18 से 21 तक 'ग्राउंड जीरो' से
बैठक के दावों की हकीकत परखेंगे।
प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया का रोड शो जारी, रॉबर्ट वाड्रा ने दीं शुभकामनाएं
फ़रवरी 11, 2019
Tags
