Type Here to Get Search Results !

समाज ने पुलिस को चेताया- किसान नेता के हत्यारों को गिरफ्तार करो वरना बड़ा आंदोलन, नगर बंद आज

गोटेगांव/नरसिंहपुर
किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र राय की हत्या के बाद से ही प्रदेश में सियासत गरमा गई है। इस हत्या के विरोध में कल्चुरी समाज ने शुक्रवार को गोटेगांव बंद रखने का आव्हान किया है। सुबह कल्चुरी समाज से जुड़े लोगों ने शहर में बाइक रैली निकालकर पुलिस को ज्ञापन दिया। घटना के विरोध में शुक्रवार को नगर बंद की घोषणा के लिए कांग्रेस की ओर से गुरुवार की रात मुनादी कराई गई थी। 

लोगों ने पुलिस को चेताया है कि अगर तीन दिन में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो बड़ा जनआंदोलन होगा। वहीं, कांग्रेस उपाध्यक्ष के परिवार की सुरक्षा की मांग की है। कांग्रेस नेता का शव पोस्टमॉर्टम के बाद जबलपुर से गोटेगांव के लिए रवाना किया गया है। इस हत्याकांड के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, तीन बंदूकें भी जब्त की गई है। 

ये है पूरा मामला
प्रदेश किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुरेंद्र राय ठेकेदारी करते थे, वह अपने साथी कमलेश के साथ गुरुवार को बिछिया गांव में पुलिया निर्माण के काम के सिलसिले में पहुंचे थे। यहां पुलिया की ऊंचाई बढ़ाने को लेकर विक्रम सिंह और अजय सिंह से उनका विवाद हो गया। इसके बाद आरोपियों ने सुरेंद्र राय पर दो और कमलेश के ऊपर एक फायर किया। राय को सीने और हाथ में गोली लगी।
प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर में हुई मौत 
राय और पाठक पर गोली लगी देख एक स्थानीय बुजुर्ग ने अपनी गाड़ी छोड़कर दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया। घटना की खबर जैसे ही गोटेगांव के लोगों को हुई तो अस्पताल में समर्थकों की भीड़ लग गई। बीएमओ डॉ. एसएस ठाकुर ने घटना की सूचना पुलिस को दी और सुरक्षा के लिए पुलिस बल अस्पताल बुलवा लिया, जिससे कहीं कोई विवाद की स्थिति न रहे। दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जहां डॉक्टरों ने कांग्रेस नेता राय को मृत घोषित कर दिया।