पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत के बेहद सख्त रुख ने पाकिस्तान को हिलाकर रख दिया है। चौतरफ दबाव में घिरी पाकिस्तान की सरकार इस हमले में हाथ होने से इनकार तो कर रहा है लेकिन पिछले 24 घंटे में कई आतंकी संगठनों पर बैन भी लगा चुका है।
दुनिया भर में आतंकवाद के मुद्दे पर अलग-थलग पड़ रहे पाक के पीएम इमरान ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की मीटिंग बुलाकर हालात पर चर्चा की। इस मीटिंग में इमरान ने पाकिस्तान का हाथ होने से इनकार किया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि पाकिस्तान की धरती का इस्तेमाल करते हुए कोई आतंकी पाया जाता है तो उसे सजा दी जाएगी। यही नहीं इमरान खान ने आतंक और अतिवाद से निपटने के लिए पाक की ओर से उठाए जा रहे कदमों की भी जानकारी दी। सरकारी सूत्रों ने पाक के इन कदमों को लेकर कहा कि उसके ये दिखावटी प्रयास इस बात का सबूत हैं कि अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते अब वह परेशान है।
गौरतलब है कि कई देशों ने पुलवामा हमले की निंदा करते हुए सीधे तौर पर पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद को इसके लिए जिम्मेदार बताया है। यही नहीं फ्रांस, अमेरिका और ब्रिटेन ने आतंकी सरगना मसूद अजहर के खिलाफ इंटरनैशनल बैन लगाए जाने के प्रस्ताव को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पेश करने की बात भी कही है।