मुंबई
ऐक्टर रणवीर सिंह (Ranveer Singh) इस समय अपनी फिल्म 'गली बॉय' का प्रमोशन जोर-शोर से करने में लगे हैं। फिल्म 14 फरवरी को रिलीज हो रही है। अपने एनर्जी और जोश के लिए फेमस रणवीर ने पिछले दिनों भीड़ के बीच कुछ ऐसा कर दिया, जो लोगों को बिल्कुल पसंद नहीं आया।प्रमोशन के सिलसिले में हाल ही में वह मुंबई में हुए लैक्मे फैशन वीक में पहुंचे थे। उन्होंने रैम्प पर अपनी एनर्जी से लोगों का खूब मनोरंजन किया, लेकिन तभी मंच पर उन्होंने कुछ ऐसा कर दिया कि वहां मौजूद दर्शकों का प्यार अचानक गुस्से में बदल गया।
रैम्प वॉक के बाद रणवीर सिंह ने लोगों की भीड़ के ऊपर डाइव मार दी। खबरों के मुताबिक, इससे कुछ लोगों को चोटें भी आईं। सोशल मीडिया पर लोगों ने रणवीर की इस हरकत को क्रिटिसाइज किया है।
सोशल साइट पर नाराजगी जाहिर करते हुए जहां एक ने लिखा कि ऐसा कुछ भी करने से पहले उन्हें वहां अपने लोग मौजूद रखने चाहिए, ताकि वे उन्हें कैच कर सकें, वहीं एक अन्य ने कहा कि हम इन्हें 'गुड एनर्जी' कहते हैं, लेकिन सच यह है कि ऐसा करना खतरनाक है। एक और व्यक्ति ने कहा, 'वह अपनी ड्रीम्स में जी रहे हैं, यह ठीक है... लेकिन दूसरों के ड्रीम्स का अंत तो न करें।'
इसी बीच रणवीर के कुछ फैन्स उनके बचाव में भी आ गए। RanveerxDeepika नाम से बने एक अकाउंट से मेसेज ट्वीट किया गया कि रणवीर को क्राउड डाइव पर आने वाले नेगेटिव रिऐक्शंस के बारे में मेसेज किया जिस पर उनका जवाबा आया है। उन्होंने कहा है कि आगे से इस बात का ध्यान रखेंगे।बता दें कि फिल्म 'गली बॉय' को जोया अख्तर ने डायरेक्ट किया है और उनके साथ आलिया भट्ट हैं। फिल्म के गाने और ट्रेलर काफी पसंद किए जा रहे हैं और टीम इसके प्रमोशन में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रही।
