इंदौर
अपने स्कूल के पूर्व छात्र रहे विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति, कैबिनेट मंत्री प्रियव्रत सिंह, सचिन यादव और सुरेंद्र सिंह बघेल की इस उपलब्धि पर डेली कॉलेज स्कूल प्रबंधन एक बड़े आयोजन की तैयारी कर रहा है। आयोजन में इन ओल्ड डेलियंस को एक साथ आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।
इनके साथ वह पांच विधायक भी सम्मानित होंगे, जो हाल के चुनाव में कांग्रेस और भाजपा से जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। यह अनूठी उपलब्धि स्कूल के लिहाज से भी बड़ी है, क्योंकि ऐसा गौरव बहुत कम स्कूलों को मिला है कि वहां पढ़े छात्र एक साथ किसी सरकार में महत्वपूर्ण ओहदों पर पहुंचे हों।
डेली कॉलेज गवर्निंग बोर्ड के चेयरमैन नरेंद्र सिंह झाबुआ के मुताबिक, कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर रहे हैं। मंत्रियों व विधायकों से तारीख तय होते ही आयोजन करेंगे। स्कूल में इन चार नेताओं के अलावा विधायक लक्ष्मणसिंह, नागेंद्र सिंह, ब्रजेंद्र प्रताप सिंह और सुदेश रॉय भी पढ़ चुके हैं। इससे पहले स्कूल के छात्र रहे दिग्विजय सिंह 1993 में मप्र के मुख्यमंत्री बने थे, पर एक साथ विधानसभा में नौ विधायक बनने का मौका पहली बार ही आया है।
