मोदीजी के नेतृत्व में हमारी सरकार गरीबों के जीवन में परिवर्तन के लिए काम कर रही है। जबलपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की, हर एक कार्यकर्ता घर-घर जाकर ये बताये कि जो काम नामुमकिन लग रहे थे, उन्हें भी मोदी सरकार ने मुमकिन कर दिखाया है।
शुक्रवार को जबलपुर पहुंचे केंद्रीय सड़क निर्माण एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी यहां के वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में जबलपुर संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा- मप्र के कार्यकर्ता फिर से जुटें और मोदी सरकार को दोबारा केंद्र में बिठाएं। पूरा भरोसा है कि लोकसभा चुनावों में हम मप्र से शानदार जीत हासिल करेंगे।
पाकिस्तान मजबूर न करे, वरना हम ईलाज जानते हैं
नितिन गडकरी ने कहा, " हम सोचते थे आपस में सहयोग हो, भाईचारा बढ़े। सौहार्द्र हो, मैत्री पूर्ण संबंध हों। परंतु आज जब हम सोचते हैं तो देखते हैं कि कहां गई मैत्री, कहां गया भाईचारा। हमारे सैनिकों की बलि चढ़ाई जा रही गई, आतंक वाद को समर्थन दिया जा रहा है। हमारे देश में आतंकियों को भेजा जा रहा है। अगर ये नहीं बंद हुआ तो पाकिस्तान को एक बूंद भी पानी नहीं मिलेगा। पाकिस्तान हमें मजबूर न करे, वरना ईलाज हमें आता है।"
784 करोड़ है फ्लाई ओवर की लागत
जबलपुर में गडकरी ने दमोह नाके में बनाए जाने वाले प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाईओवर का भूमिपूजन किया। इसकी लागत 758 करोड़ रुपए बताई जा रही है। प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा मेरी सड़क एवं पुलों के निर्माण को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जी से बात हुई है और वह मिलकर काम करने को तैयार हैं। वर्मा ने गडकरी की तारीफ की और कहा इंदौर से भोपाल सिक्स लेन कॉरिडोर से लेकर कई महत्वपूर्ण सड़कों एवं पुलों के निर्माण को लेकर उन्होंने सहमति दी है।
छह किलोमीटर लंबा होगा ये फ्लाईओवर
- केंद्रीय सड़क निधि के तहत जबलपुर में दमोह नाका से रानीताल, मदन महल चौक, मेडिकल कॉलेज रोड तक करीब 6 किलोमीटर लंबाई का फ्लाई ओवर (एलीवेटेड कॉरिडोर) बनाया जाएगा। फ्लाई ओवर बनने से इन मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा। साथ ही मध्यप्रदेश हाईकोर्ट भवन तक का आवागमन भी व्यवस्थित हो जाएगा।
- फ्लाई ओवर में मदन महल स्टेशन के ऊपर 193.50 मीटर मध्य स्पान एवं 96.0 मीटर किनारे के स्पान सहित कुल 385.50 मीटर की लंबाई का केबल स्टे पुल होगा। साथ ही रानीताल चौराहे को पार करते हुए 65 मीटर के दो स्पान के बो स्ट्रिंग तरह का पुल तथा बलदेव बाग चौक को पार करते हुए 70 मीटर के एक स्पान के बो स्ट्रिंग तरह के पुल का प्रावधान रखा गया है। पुल की नींव में पाईल फाउंडेशन का उपयोग होगा।