Type Here to Get Search Results !

राहुल गांधी की शादी नहीं हुई इसलिए अब प्रियंका राजनीति में आईं: अमित शाह

गोधरा
भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने गांधी परिवार को निशाना बनाते हुए मंगलवार को दावा किया कि कांग्रेस में प्रधानमंत्री की सीट जन्मजात आरक्षित है। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए शाह ने यह भी कहा कि राहुल गांधी की शादी नहीं हुई है इसलिए प्रियंका राजनीति के मैदान में आई हैं। गुजरात के गोधरा में अमित शाह ने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस का कोई कार्यकर्ता कभी प्रधानमंत्री बनने के बारे में सोच भी सकता है।
अमित शाह ने कहा, ‘भाई राहुल गांधी की शादी नहीं हुई है, इसलिए अब बहन (प्रियंका गांधी) राजनीतिक मैदान में आई हैं।' उन्होंने दावा किया कि बीजेपी में उनके जैसा एक आम बूथ कार्यकर्ता पार्टी का अध्यक्ष बन सकता है और एक ‘चायवाला’ (मोदी) प्रधानमंत्री बन सकता है। शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘मैं बीजेपी का एक बूथ कार्यकर्ता था और अब पार्टी का अध्यक्ष बन गया। एक चायवाला देश का प्रधानमंत्री बन गया।






उन्होंने पूछा, ‘क्या कांग्रेस का कोई कार्यकर्ता प्रधानमंत्री बनने की सोच सकता है? उस पार्टी में यह सीट जन्मजात आरक्षित है।’ शाह ने कहा कि बीजेपी के किसी कार्यकर्ता को बड़े पदों पर पहुंचने के लिए किसी खास परिवार में जन्म लेने की आवश्यकता नहीं है। बता दें कि हाल ही में प्रियंका गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी नियुक्त किया है। 


Tags