Type Here to Get Search Results !

कश्मीर और दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के झटके, जानमाल का नुकसान नहीं

नई दिल्ली
कश्मीर सहित दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। दुनियाभर में भूकंप की जानकारी रखने वाली एक स्वतंत्र एजेंसी ईएमएससी के अनुसार भूकंप की तीव्रता 5.6 रही। एजेंसी के मुताबिक, कश्मीर और उसके आसपास भूकंप के झटके आए।


दिल्ली-एनसीआर में लोगों ने 10 बजकर 17 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जमीन के 40 किलोमीटर नीचे उत्तर पश्चिम कश्मीर रहा जो श्रीनगर से 118 किलोमीटर दूर है। भूकंप से फिलहाल किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। इसके अलावा, पाकिस्तान के इस्लामाबाद, लाहौर और रावलपिंडी में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप के बाद लोग डर की वजह से अपने घरों के बाहर आ गए। बता दें कि तीन दिन पहले भी शनिवार शाम में दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। अपने घरों और दूसरे स्थानों पर बैठे लोगों ने हल्के झटके महसूस होने की बात कही।
Tags