- रामेश्वरम् धाम के लिये स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
मंत्री श्री शर्मा ने ट्रेन को रवाना करने के पूर्व ट्रेन की बोगियों में जाकर श्रद्धालुओं का पुष्पहारों से सम्मान किया। उन्होंने स्वागत और अभिनंदन के साथ सभी श्रद्धालुओं को सुखद एवं मंगलमय यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कमलनाथ सरकार ने कुंभ मेले में प्रदेश के विभिन्न शहरों से छह स्पेशल ट्रेन श्रद्धालुओं के लिए रवाना की थी। आज श्रावण माह में रामेश्वरम् धाम के दर्शन के लिये 13 सौ श्रद्धालुओं को 20 बोगियों के द्वारा रवाना किया है। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि सरकार इसी प्रकार भोपाल के अतिरिक्त इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर से भी श्रद्धालुओं के लिये विभिन्न धार्मिक स्थलों में पुण्य लाभ के लिए स्पेशल ट्रेन चलायेगी। उन्होंने बताया कि रामेश्वरम् जाने वाली ट्रेन में सात सौ श्रद्धालु भोपाल से और 150-150 श्रद्धालु रायसेन, होशंगाबाद, बैतुल और शाजापुर से शामिल होंगे।
इस अवसर पर पूर्व नगर निगम सभापति श्री कैलाश मिश्रा, श्री ईश्वर सिंह चौहान, पार्षद श्री गुड्डू चौहान, श्री मोनू सक्सेना, श्रीमति संतोष कंसाना एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।
