Type Here to Get Search Results !

ग्रामीणों की खुशहाली और गाँव का विकास राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता

  • विदिशा जिले के ग्राम अहमदपुर में "आपकी सरकार-आपके द्वार" कार्यक्रम में मंत्री यादव
भोपाल। कुटीर एवं ग्रामोद्योग तथा नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हर्ष यादव शुक्रवार को विदिशा जिले के ग्राम अहमदपुर कस्बा में ‘‘आपकी सरकार-आपके द्वार’’ कार्यक्रम में ग्रामीणों से मिले। यादव ने ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों को सुना तथा मौके पर ही उनका निराकरण सुनिश्चित कराया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की खुशहाली और गाँव का विकास राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता है। इसलिये प्रशासन को ग्रामीणों के बीच भेजा गया है।

मंत्री यादव ने कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हित-लाभ वितरित किये। ग्रामीण विकास के उद्देश्य से बायपास रोड निर्माण के लिये निजी भूमि के दानदाता मोहर सिंह को सम्मानित किया। कार्यक्रम में स्वाथ्य शिविर में 162 मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और दवाईयाँ भी प्रदाय की गई। शिविर में 28 दिव्यांगों को प्रमाण-पत्र वितरित किये गये और बच्चों एवं गर्भवती माताओं का टीकाकरण किया गया।

कार्यक्रम में विधायक  शशांक भार्गव, अन्य जन-प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, समस्त विभागों के जिला अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।