अमरावती। आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में रविवार दोपहर पर्यटकों को लेकर जा रही नाव गोदावरी नदी में डूब गई। पुलिस सूत्रों ने न्यूज एजेंसी को बताया कि नाव आंध्र पर्यटन विकास निगम की थी। इसमें 9 क्रू मेंबर और 51 पर्यटक सवार थे। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, 17 को बचाया गया जबकि 31 लापता हैं। एनडीआरएफ की दो टीमें बचाव अभियान में जुटी हैं। बारिश के कारण गोदावरी नदी में बहाव तेज है।
पुलिस अधीक्षक अदनान नईम असमी ने बताया कि नाव प्रमुख पर्यटन स्थल पापीकोंडालु से रवाना हुई थी और कच्छलुरू के पास डूब गई। सरकार ने लोगों को ढूंढने के लिए हेलिकॉप्टर की मदद लेने का निर्देश दिया। जलस्तर अधिक होने के कारण बचाव अभियान में कठिनाई आई। मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजन के लिए 10-10 लाख रु. मुआवजे का ऐलान किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट किया, “आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी में नाव डूबने की घटना से बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदना पीड़ित परिवारों के साथ है। घटनास्थल पर बचाव अभियान अभी भी चल रहा है।”