नई दिल्ली। डेविस कप में भारत-पाकिस्तान के बीच 29 और 30 नवंबर को होने वाले मुकाबले अब इस्लामाबाद की जगह कजाखस्तान की राजधानी नूरसुल्तान में होंगे। ऑल इंडिया टेनिस फेडरेशन (एआईटीएफ) के सीईओ अखूरी बिश्वदीप ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एआईटीएफ ने भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के कारण 4 नवंबर को यह मांग की थी। इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (आईटीएफ) से इसे तभी मान लिया था, लेकिन नई जगह तय नहीं हो पाई थी।
पाकिस्तान टेनिस फेडरेशन (पीटीएफ) ने आईटीएफ के खिलाफ याचिका दायर की थी। उसने कहा था कि यदि भारतीय श्रद्धालु पाकिस्तान में बगैर किसी सुरक्षा के आ सकते हैं, तो भारतीय खिलाड़ी मैच खेलने के लिए इस्लामाबाद क्यों नहीं आ सकते। साथ ही पाकिस्तानी टेनिस स्टार ऐसम-उल-हक कुरैशी ने भारत की मांग मंजूर किए जाने के विरोध में डेविस कप का बॉयकॉट कर दिया।
भूपति, बोपन्ना और नागल जैसे खिलाड़ियों ने नाम वापस लिया था
महेश भूपति के अलावा रोहन बोपन्ना, रामकुमार रामनाथन, सुमित नागल ने अपने को मैच के लिए अनुपलब्ध बताया था। पाकिस्तान से मैच शिफ्ट होने के बाद अब यह बड़े खिलाड़ी मैच खेल सकते हैं।
