Type Here to Get Search Results !

प्रमुख सचिव तथा आयुक्त नगरीय विकास ने किया जबलपुर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण


भोपाल।  प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास श्री संजय दुबे एवं आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास श्री पी. नरहरि ने आज अपने जबलपुर प्रवास के दौरान शहर में नगर निगम तथा स्मार्ट सिटी द्वारा संचालित विभिन्न विकास और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।

प्रमुख सचिव श्री दुबे ने अपने निरीक्षण की शुरूआत स्मार्ट स्कूल के रूप में चयनित रांझी स्थित एल.एन. यादव शाला से की। श्री दुबे ने यहां छात्रों से चर्चा भी की तथा स्मार्ट क्लासेस को आधुनिक शिक्षण पद्धति के अनुरूप सभी जरूरी सुविधाओं से लैस करने के निर्देश दिये। उन्होंने सफाई एवं सीवर लाइन के कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था पर नागरिकों से चर्चा भी की। श्री दुबे ने साफ-सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त करने के निर्देश निगम अधिकारियों को दिये।

प्रमुख सचिव ने मोहनिया और कुदवारी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाये जा रहे आवासों का जायजा भी लिया। उन्होंने आवासों का निर्माण गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने की हिदायत देते हुए आवासीय योजनाओं का क्रियान्वयन स्वीकृत अभिन्यास के मुताबिक ही करने के निर्देश दिये। श्री दुबे ने बाद में जानकी नगर पहुँचकर सीवर लाइन के कार्य का निरीक्षण भी किया।
आयुक्त नगरीय विकास ने देखी वेस्ट टू एनर्जी प्लांट
आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास श्री पी. नरहरि ने नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी द्वारा किये जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण की शुरूआत आगा चौक स्थित कचरा ट्रांसफर स्टेशन से की। जैविक अपशिष्ट से खाद बनाने के लिए स्थापित प्लांट का अवलोकन किया। श्री नरहरि ने इस प्लांट में बासी सब्जियों एवं फूलों से खाद बनाने की प्रक्रिया का मुआयना किया।

नरहरि ने अमृत योजना के तहत शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए किये जा रहे सभी कार्यों की जानकारी ली तथा पाइप लाइन बिछाने के कार्य में निर्धारित मापदंडों का पालन करने एवं गुणवत्ता बनाये रखने के सख्त निर्देश अधिकारियों को दिये।

नरहरि ने माढ़ोताल स्थित अंतर्राज्यीय बस स्टैण्ड का निरीक्षण भी किया और यहां यात्रियों को मुहैया कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। आयुक्त नगरीय विकास ने कठौंदा स्थित वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का अवलोकन किया। उन्होंने यहाँ कचरे से बिजली बनाने की पूरी प्रक्रिया देखी तथा संयंत्र की उत्पादन क्षमता और इसे पूर्ण क्षमता पर चलाने के लिए कचरे की आवश्यकता की जानकारी ली।

नरहरि ने विकास और निर्माण कार्यों के निरीक्षण के अंतिम चरण में तिलहरी में निर्माणाधीन आवासीय परियोजना का निरीक्षण भी किया। उन्होंने आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने की हिदायत अधिकारियों को दी तथा चयनित हितग्राहियों को आवासों के आबंटन में तत्परता बरतने के निर्देश दिये। आयुक्त नगरीय विकास के निरीक्षण के दौरान उनके साथ अपर आयुक्त नगरीय विकास मीनाक्षी सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम टी.एस. कुमरे, कार्यपालन यंत्री कमलेश श्रीवास्तव मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.