मुंबई। डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर ने अपनी फिल्म 'पानीपत' को लेकर हो रहे विवादों पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने एक बातचीत में कहा, "मुझे लगता है कि लोगों को फिल्म देखने की जरूरत है। इसे देखने के बाद उन्हें अपने सारे सवालों, जिज्ञासाओं और नाराजगी का जवाब मिल जाएगा। उन्हें अहसास हो जाएगा कि यह नेक इरादे के साथ बनाई गई एक अच्छी फिल्म है।"
अफगान कम्युनिटी ने जताई नाराजगी
फिल्म का ट्रेलर 4 नवंबर को रिलीज हुआ था। फिल्म की कहानी पानीपत के तीसरे युद्ध पर आधारित है, जो पेशवा बाजीराव के भाई चिमाजी अप्पा के बेटे सदाशिव राव भाऊ और अफगानी शासक अहमद शाह अब्दाली के बीच हुआ था। जब ट्रेलर रिलीज हुआ तो अफगान कम्युनिटी ने फिल्म में अहमद शाह अब्दाली के प्रस्तुतीकरण को लेकर नाखुशी जाहिर की थी। उनका कहना था कि अहमद शाह अब्दाली उनके हीरो हैं, जिन्हें वे शाह बाबा कहकर बुलाते हैं। इसलिए उनके किरदार के साथ छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए।
कहानी चोरी का आरोप
फिल्म के मेकर्स पर कहानी चोरी का आरोप भी लग चुका है। महाराष्ट्र के मशहूर साहित्यकार विश्वास पाटिल ने गोवारिकर, प्रोड्यूसर रोहित शेलाटकर और रिलायंस एंटरटेनमेंट पर केस दर्ज किया है। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने कहा था कि रोहित शेलाटकर के प्रतिनिधि संजय पाटिल ने उनसे कहानी के राइट्स मांगे थे और कहा था कि फिल्म इसके प्रेमाइस से प्रेरित होगी। लेकिन बाद में मेकर्स ने उनके नॉवेल 'पानीपत' से पन्ना दर पन्ना डायलॉग्स और सीन उठा लिए। पानीपतकार के नाम से फेमस विश्वास की मानें तो उनके वकील ने कोर्ट में मेकर्स के खिलाफ कहानी चोरी का आरोप लगाते हुए 7 करोड़ रुपए का हर्जाना मांगा है।
ताजा विवाद डायलॉग को लेकर
ताजा विवाद फिल्म के डायलॉग 'मैंने सुना है पेशवा जब अकेले मुहिम पर जाते हैं तो एक मस्तानी साथ ले आते हैं' को लेकर है, जो फिल्म में पार्वती बाई का रोल कर रहीं कृति सेनन ने बोला है। पेशवा बाजीराव की 8वीं पीढ़ी के वंशज नवाबजादा शादाब अली बहादुर ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए मेकर्स से इसे हटाने की अपील की है। उनका कहना है कि मस्तानी दूसरी औरत नहीं, बल्कि पेशवा की पत्नी थीं। डायलॉग मस्तानी साहिबा के साथ-साथ पेशवा की भी गलत छवि पेश करता है। नवाबजादा ने धमकी भी दी है कि अगर डायलॉग में सुधार नहीं किया जाता तो वे फिल्म के खिलाफ कोर्ट जाएंगे।
6 दिसंबर को रिलीज होगी फिल्म
'पानीपत' में अर्जुन कपूर सदाशिव राव भाऊ का रोल कर रहे हैं, कृति सेनन उनकी पत्नी पार्वती बाई का किरदार निभा रही हैं। अहमद शाह अब्दाली की भूमिका में संजय दत्त है। उनके अलावा मोहनीश बहल, पद्मिनी कोल्हापुरे, नवाब शाह, मंत्रा, जीनत अमान और मिलिंद गुनाजी भी फिल्म में दिखाई देंगे। यह फिल्म 6 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
