भोपाल। इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में 19 से 21 दिसम्बर तक राष्ट्रीय बालरंग महोत्सव होगा। इसमें एक पूर्वोत्तर राज्य सहित 13 राज्य और 6 केन्द्र शासित प्रदेशों के लगभग 10 हजार बच्चे शामिल होंगे। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस समारोह में आमजन के लिये प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।
बालरंग महोत्सव में 19 दिसम्बर को सुबह 10.30 बजे से राज्य-स्तरीय प्रतियोगिताएँ शुरू होंगी। इनमें प्रदेश के सभी संभागों के स्कूली छात्र-छात्राएँ और शिक्षक शामिल होंगे। लोक-नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाला संभाग प्रदेश की ओर से राष्ट्रीय बालरंग प्रतियोगिता में लोक-नृत्य की प्रस्तुति देगा। राष्ट्रीय लोक-नृत्य में प्रथम स्थान प्राप्त दल को 31 हजार, द्वितीय स्थान प्राप्त दल को 21 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त दल को 11 हजार रुपये पुरस्कार स्वरूप दिये जाएंगे। इसके अतिरिक्त 5 हजार रूपये सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा। समस्त प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र दिया जायेगा।
राष्ट्रीय बालरंग महोत्सव में विभिन्न विषय पर प्रदर्शनियाँ लगाई जाएंगी। प्रदर्शनियों के विषय लघु भारत, गौरवमयी भारत, समर्थ भारत, वैभवशाली भारत की उड़ान होंगे। इस मौके पर राष्ट्रीय लोक-नृत्य प्रतियोगिताएँ होंगी। महोत्सव स्थल पर फूड जोन, स्काउट कैम्प और क्रॉफ्ट जोन बनाये जाएंगे।