Type Here to Get Search Results !

36 जिला समूहों की रेत खदानों के लिये 1234 करोड़ की निविदा प्राप्त



भोपाल। प्रदेश में 36 जिला समूह की रेत खदानों के तीन वर्षीय संचालन के लिये आमंत्रित निविदाओं से 1234 करोड़ रूपये का राजस्व वार्षिक मिलेगा। आज म.प्र. राज्य खनिज निगम में इन जिला समूहों की निविदाएँ ऑनलाइन खोली गई। यह 'निविदा आमंत्रण राजस्व' आज तक का सर्वाधिक होगा। खनिज मंत्री श्री प्रदीप जायसवाल स्वयं म.प्र. राज्य खनिज निगम के मुख्यालय में निविदाएँ खोलने की प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहे।

प्रमुख सचिव खनिज और राज्य खनिज निगम के प्रबंध संचालक श्री नीरज मंडलोई के अनुसार पिछले तीन वर्षों में प्रतिवर्ष पूरे प्रदेश का रेत खनिज राजस्व 250 करोड़ के लगभग ही रहा है। वर्ष 2016-17 में रेत खनिज राजस्व 240 करोड़, वर्ष 2017-18 में 249 करोड़ और 2018-19 में 223 करोड़ प्राप्त हुआ था।

आज खोली गई 36 जिला समूहों की निविदा सहित कुल 43 जिलों की रेत खदानों के लिये निविदा आमंत्रित की गई थी। शेष 7 जिला समूहों की निविदाओं की कार्रवाई प्रचलन में है। इन सभी 43 जिलों के लिये सरकारी आरक्षित मूल्य कुल 475 करोड़ रूपये रखा गया था।