नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 टी-20 की सीरीज का आखिरी मैच बुधवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत के ओपनर रोहित शर्मा और लोकेश राहुल क्रीज पर हैं। रोहित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 400 छक्के लगाने वाले तीसरे क्रिकेटर बने। सबसे ज्यादा छक्के वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (534) ने लगाए हैं। इस मामले में दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी (476) हैं।
इससे पहले भारत ने टीम में दो बदलाव किए। रविंद्र जडेजा की जगह मोहम्मद शमी और युजवेंद्र चहल की जगह कुलदीप यादव को अंतिम एकादश में शामिल किया गया। दूसरी ओर, वेस्टइंडीज ने टीम में कोई बदलाव नहीं किया।
कोहली की कप्तानी में 8वीं सीरीज जीतने का मौका
भारतीय टीम कोहली की कप्तानी में यह 13वीं टी-20 सीरीज खेल रही है। भारत ने पिछली 12 में से 7 जीती और 2 सीरीज हारी हैं। तीन सीरीज ड्रॉ रहीं। जुलाई 2017 में वेस्टइंडीज और फरवरी 2019 में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को हराया था। वहीं, पिछली सीरीज में टीम इंडिया ने अगस्त 2019 में वेस्टइंडीज को 3-0 से हराया था।
टीम इंडिया सीरीज के पहले मैच में जीती थी
टीम इंडिया ने विंडीज को सीरीज के पहले मैच में 6 विकेट से हराया था। जबकि दूसरा मैच दो बार की वर्ल्ड चैम्पियन वेस्टइंडीज ने 8 विकेट से जीता। फिलहाल, सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। यदि भारत यह मैच जीत लेता है तो वह वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार तीसरी बार सीरीज जीतने में सफल होगा। पिछली बार उसे 2017 में सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था।
भारत-वेस्टइंडीज हेड टू हेड
भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक 16 मैच हुए हैं। इनमें टीम इंडिया ने 9 मैच जीते, जबकि 6 में हार मिली। एक मुकाबला बेनतीजा रहा। भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली दो टी-20 सीरीज में क्लीन स्वीप किया।
दोनों टीमें
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उपकप्तान), लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, दीपक चाहर, मोहम्मद शमी।
वेस्टइंडीज: कीरोन पोलार्ड (कप्तान), लेंडल सिमंस, इविन लुईस, ब्रैंडन किंग, शिमरॉन हेटमायर, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), जेसन होल्डर, खैरी पियरे, हेडेन वॉल्श, शेल्डन कॉटरेल, केसरिक विलियम्स।
