Type Here to Get Search Results !

न्यूजर्सी में कब्रिस्तान और सुपरमार्केट में गोलीबारी, पुलिस अधिकारी समेत 6 लोगों की मौत


वॉशिंगटन। अमेरिका के न्यूजर्सी में मंगलवार को बंदूकधारियों और पुलिस के बीच चार घंटे तक फायरिंग हुई। इस दौरान एक पुलिस अधिकारी और दो संदिग्धों समेत 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि 2 पुलिस अधिकारी समेत तीन लोग जख्मी हैं। अमेरिका में शूटिंग की घटनाएं आम हैं। 2017 में करीब 40 हजार लोगों को जान गोलीबारी में गई थी।

पुलिस के मुताबिक, जर्सी सिटी में दो अलग-अलग जगहों पर फायरिंग हुई। सबसे पहले कब्रिस्तान में गोली चली। पुलिस ने कार से भाग रहे हमलावरों को रोकने की कोशिश की। उन्होंने डिटेक्टिव जोसफ सील्स को गोली मार दी। इलाज के दौरान जोसफ की मौत हो गई। इसके बाद हमलावर एक सुपरमार्केट में घुस गए। स्वॉट समेत पुलिस की इमर्जेंसी सर्विस यूनिट्स को यहां भेजा गया। पुलिस और हमलावरों के बीच करीब चार घंटे मुठभेड़ हुई।
सुपरमार्केट से पांच शव बरामद हुए
ऑपरेशन के बाद सुपरमार्केट से 5 लोगों के शव मिले हैं। इनमें से दो हमलावरों के हैं। घटना में दो अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह आतंकी हमला नहीं, लेकिन फिर भी इसकी जांच की जा रही है। घटनास्थल के पास यहूदी प्रार्थना स्थल और स्कूल भी है।
आसपास के स्कूल बंद किए गए
घटना के बाद जर्सी सिटी के दक्षिण जिले के स्कूल बंद कर दिए गए। डिस्ट्रिक्ट स्कूल ने ट्वीट किया- सभी छात्र और कर्मचारी सुरक्षित हैं। इसके एक घंटे बाद अन्य ट्वीट में कहा गया- जब तक हमें पुलिस की ओर से मंजूरी नहीं मिलती, तब तक छात्रों को बाहर नहीं निकालेंगे।