लंदन। प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन पर एक रिपोर्टर का मोबाइल छीनने का आरोप लगा है। सोमवार को लंदन में एक स्थानीय टीवी चैनल के रिपोर्टर ने उन्हें अस्पताल के फर्श पर लेटे बच्चे की तस्वीर दिखाने की कोशिश की। तस्वीर में बच्चा सरकारी अस्पताल के वार्ड में ऑक्सीजन मास्क के पास लेटा नजर आ रहा था। पहले तो जॉनसन ने तस्वीर देखने से मना कर दिया और बाद में मोबाइल लेकर अपनी जेब में रख लिया। इस पूरे वाकये का वीडियो भी सामने आया है।
काफी जिद करने पर जॉनसन ने तस्वीर देखी और बच्चों के परिवार से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि यह तस्वीर भयानक है। उन्होंने अंत में रिपोर्टर से कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए नेशनल हेल्थ सर्विस (एनएचएस) में काफी निवेश कर रही है।
लीड्स के अस्पताल में भर्ती कराया गया था बच्चा
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, बच्चे का नाम जैक विलिमेंट-बार है। उसे फ्लू और टॉन्सिलाइटिस जैसी बीमारी थी। उसे उत्तरी इंग्लैंड के लीड्स स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में बेड उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे फर्श पर लेटने को कहा गया। कई घंटे तक अस्पताल में इंतजार कराने के बाद बच्चे को घर भेज दिया गया।
प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लापरवाह: लेबर पार्टी
ब्रिटेन की विपक्षी लेबर पार्टी ने इस मुद्दे पर जॉनसन की आलोचना की है। लेबर पार्टी के नेता जेरेमी कॉर्बिन ने कहा कि यह घटना दिखाती है कि प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सेवाओं की परवाह नहीं करते। अस्पताल के फर्श पर एक बच्चे का इलाज हमारे समाज का अपमान है। पहले के चुनावों में जॉनसन की कंजरवेटिव और लेबर पार्टी दोनों ने ही लोगों से एनएचएस के लिए फंड बढ़ाने का वादा किया था।
