Type Here to Get Search Results !

अधीर रंजन ने कहा- शाह और मोदी खुद घुसैठिए; घर गुजरात में है, आ गए दिल्ली


नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी ने रविवार को नागरिकता संशोधन बिल को लेकर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री पर तंज कसा। अधीर रंजन ने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह खुद घुसपैठिए हैं। इनका घर गुजरात में है और ये लोग दिल्ली आ गए। चौधरी ने कहा कि हिंदुस्तान सबके लिए है, ये क्या किसी की जागीर है?

चौधरी ने कहा- भारत हिंदुओं, मुस्लिमों.. सभी के लिए है। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री देश में डर का माहौल बना रहे हैं। वे कह रहे हैं कि मुस्लिमों को बाहर फेंक देंगे। उनके पास ऐसा करने की हिम्मत नहीं है। लेकिन वे यह दिखाना चाहते हैं कि यहां सिर्फ हिंदुओं को रहने की अनुमति है। इस बीच, अमित शाह ने पूर्वोत्तर के राजनीतिक दलों और सिविल सोसाइटी संगठनों के साथ नागरिकता (संशोधन) बिल पर चर्चा की थी। शाह इस पर अगली बैठक 3 दिसंबर को करेंगे।
शाह ने कहा था- यह धर्म के आधार पर बहिष्कृत गैर-मुस्लिमों के लिए है
गृहमंत्री ने लोकसभा में कहा था- नागरिकता संशोधन बिल की आवश्यकता इसलिए है ताकि पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान से धर्म के आधार पर बहिष्कृत किए गए हिंदू, जैन, बौद्ध, सिख, क्रिश्चियन, पारसी शरणार्थियों को भारत की नागरिकता मिल सके। नागरिकता संशोधन बिल 2016 इसी साल 8 जनवरी को लोकसभा से पास किया गया था। इसका मकसद 31 दिसंबर 2014 से पहले भारत में आए गैर-मुस्लिम लोगों को भारतीय नागरिकता देना है।
नागरिकता (संशोधन) बिल 2016 राज्यसभा से पारित नहीं हुआ था
नागरिकता (संशोधन) बिल 2016 लोकसभा में इस साल 8 जनवरी को पास हुआ था। लेकिन यह राज्यसभा में पारित नहीं हो पाया था और लोकसभा का कार्यकाल खत्म होते ही यह बिल भी खत्म हो गया था। इस बिल में यह प्रावधान है कि 31 दिसंबर 2014 से पूर्व भारत में रह रहे पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के गैर-मुस्लिम नागरिकों को भारतीय नागरिकता दी जाएगी।
Tags