Type Here to Get Search Results !

सलमान ने रेपिस्ट्स को कहा इंसान के भेष में छिपा शैतान, लिखा- हमें इनका खात्मा कर देना चाहिए


मुंबई। सलमान खान ने अपने ट्विटर हैंडल पर वेटरनरी डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या पर गुस्सा जाहिर करते हुए आरोपियों को इंसान के भेष में छिपा शैतान बताया है। सलमान ने लिखा है हमें इनका खात्मा कर देना चाहिए। गौरतलब है कि तेलंगाना के रंगा रेड्‌डी जिले में 26 वर्षीय वेटरनरी डॉक्टर से दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। हालांकि साइबराबाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। 

बेटी बचाओ अभियान अकेला न रह जाए : सलमान ने लिखा है- "ये इंसान के भेष में सबसे गिरे हुए शैतान हैं। निर्भया जैसी निर्दोष महिलाओं की पीड़ा, यातना और मौत के बाद अब हमें अपने ही आस-पास रह रहे ऐसे शैतानों का खात्मा कर देना चाहिए। इससे पहले कि कोई अन्य मासूम और उसका परिवार इस पीड़ा और नुकसान से गुजरे इसे रोका जाए। बेटी बचाओ सिर्फ एक अभियान नहीं रह जाए। इन राक्षसों को यह बताने का समय है कि हम सभी एक साथ खड़े हैं। पीड़ित की आत्मा को शांति मिले।"

महेश बाबू ने भी किया ट्वीट : इस मामले पर साउथ के एक्टर महेश बाबू ने भी ट्वीट किया है। महेश ने लिखा है- "दिन-ब-दिन, महीने दर महीने, साल दर साल.. कुछ नहीं बदल रहा है। समाज के रूप में हम असफल हो रहे हैं। मैं राज्य और केन्द्र सरकार से अपनी ओर से अपील करता हूं। हमें इस तरह के जघन्य अपराधों के लिए और ज्यादा सख्त कानून और कड़ी सजा की जरूरत है। पीड़ित लड़की और उसके परिवार के साथ मेरी पूरी संवेदना है। आपका दर्द असहनीय है। आइये हम सब मिलकर अपने देश की सभी महिलाओं और लड़कियों को न्याय दिलाएं ...आइये भारत को सुरक्षित बनाएं !!"

पकड़े गए हैं आरोपी :  साइबराबाद पुलिस ने चार आरोपियों, मोहम्मद आरिफ, जोल्लू शिवा, जोल्लू नवीन और चिंताकुंटा चेन्नाकेशवुलु को गिरफ्तार किया। आरिफ की उम्र 26 साल है, जबकि बाकी आरोपियों की उम्र 20 साल है। सभी की गिरफ्तारी नारायणपेट जिले से हुई। ये सभी ट्रक ड्राइवर और क्लीनर हैं, जिन्होंने शराब पीने के बाद 7 घंटे तक डॉक्टर के साथ दरिंदगी की थी। इसके बाद पीड़ित को शादनगर के बाहरी इलाके में जला दिया था।