Type Here to Get Search Results !

हिमाचल में फिर बर्फबारी के आसार, एवलांच का अलर्ट; दिल्ली, हरियाणा और मप्र समेत 7 मैदानी राज्यों में शीतलहर


नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और चंडीगढ़ में शुक्रवार को भी शीतलहर की स्थिति बनी रही। सुबह उत्तरी राज्यों में घना कोहरा छाया। आगरा में दृश्यता 25 और दिल्ली में 50 मीटर रही। हिमाचल के शिमला समेत कई स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले एक दो दिन में फिर से बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, आपदा प्रबंधन विभाग ने कुल्लू और लाहौल-स्फीति जिले में एवलांच की चेतावनी दी है।

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से हिमालयी इलाकों में अगले दो-तीन दिन बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में 12-13 जनवरी और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में 13 तारीख को बारिश का अनुमान है। वहीं, अगले 2 दिन बिहार, उत्तराखंड, बंगाल और ओडिशा में भी कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।
दिल्ली
सर्द हवाओं और कोहरे के बीच राजधानी में हवा की गुणवत्ता में गिरावट आई। शुक्रवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 215 दर्ज हुआ। यह प्रदूषण की खराब स्थिति है। पालम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 7° और नई दिल्ली में 7.4° रिकॉर्ड हुआ।
हिमाचल प्रदेश
मौसम विभाग ने 12 और 13 जनवरी को बारिश के आसार हैं। शुक्रवार को भी राजधानी शिमला समेत कई शहरों का तापमान शून्य से नीचे रहा। कुल्लू, किन्नौर लाहौल-स्फीति और चंबा जिले में फिर ताजा बर्फबारी हो सकती है। शिमला, कुफरी, नरकंडा और मनाली जैसे पर्यनट स्थल बर्फ की चादर से ढंके हुए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग ने कुल्लू और लाहौल-स्फीति जिले में एवलांच की चेतावनी दी है। अधिकारियों के मुताबिक, किन्नौर, लाहौल-स्फीति और चंबा जिले के कई इलाके बर्फबारी के कारण मुख्य इलाके से कटे हुए हैं।

Tags