नई दिल्ली। नागरिकता कानून के विरोध में विपक्ष की रणनीति का जवाब देने के लिए भाजपा ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के निर्देश पर पार्टी की ओर से सभी प्रदेशों को नागरिकता कानून के पक्ष में समर्थन जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने नागरिकता कानून के पक्ष में समर्थन के लिए एक टोल फ्री नंबर (88662-88662) जारी किया है, जिस पर लोगों से मिस्ड कॉल कराने को कहा गया है। इसकी लाइन 24 घंटे खुली रहेगी।
पार्टी की ओर से आज जारी सर्कुलर में सभी प्रदेशों को निर्देश दिया गया है कि नागरिकता कानून के पक्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुरू किए गए ट्विटर हैशटैग #IndiaSupportsCAA को ज्यादा से ज्यादा ट्रेंड कराएं। भाजपा इस कानून के पक्ष में जनजागरण अभियान और संपर्क अभियान चला रही है। लेकिन, आज जारी निर्देश में पार्टी की ओर से कहा गया है कि जनजागरण, जनसंपर्क, सभा, रैली या अन्य कार्यक्रमों के समर्थन में टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल जरूर कराएं और इस अभियान से जुड़े तमाम फोटो और वीडियो को प्रधानमंत्री मोदी की ओर से शुरू हैशटैग के साथ ट्वीट करें।
