नई दिल्ली। वर्ल्ड कप के दौरान परिवार के साथ ज्यादा समय तक रुकने को लेकर हुए विवाद पर रोहित शर्मा ने सोमवार को जवाब दिया। एक इंटरव्यू में टीम इंडिया के उप-कप्तान ने कहा कि मेरे बारे में बात करें, लेकिन परिवार को विवाद में न घसीटें। रोहित ने कहा कि मुझे इस बात का दुख है कि परिवार के बारे में इतना कुछ लिखा गया, जबकि उनका इससे कोई लेना-देना नहीं था। वर्ल्ड कप के दौरान टीम के खिलाड़ी अपने परिवारों के साथ बीसीसीआई द्वारा तय समय से ज्यादा वक्त तक साथ रहे थे। इसकी आलोचना हुई थी।
"परिवार जिंदगी का अहम हिस्सा, हमें सपोर्ट करने आया था"
रोहित ने कहा, "परिवार हमें सपोर्ट करने के लिए आए थे। जब यह सब लिखा जा रहा था, तब कुछ दोस्तों ने मुझे इस बारे में बताया। यकीन मानिए, मैं इस पर हंस रहा था। यह चलता रहा और इसमें परिवारों को घसीट लिया गया। आप मेरे बारे में बात करें, लेकिन मेरे परिवार को इसमें न लाएं। मुझे लगता है उस वक्त विराट ने भी ऐसा ही महसूस किया होगा, क्योंकि परिवार हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा होता है।"
उन्होंने कहा- अब मैं पहले वाला रोहित नहीं रहा। पत्नी रितिका और बेटी समायरा के चलते सोच में काफी बदलाव हुआ। अब मैं इससे परेशान नहीं होता कि दूसरे मेरे बारे में क्या बोल रहे हैं।
"काफी पहले टेस्ट क्रिकेट के बारे में सोचना छोड़ा"
रोहित से जब टेस्ट क्रिकेट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘मैंने काफी पहले टेस्ट मैचों के बारे में सोचना छोड़ दिया है। पहले मैं टेस्ट मैचों में सफलता के बारे में काफी सोचता था। मैंने ये शॉट क्यों खेला? मैं क्यों गलत शॉट खेलकर आउट हुआ? हर पारी के बाद वीडियो एनालिस्ट के पास जाता, उसके साथ बैठकर वीडियो देखता और अधिक परेशान हो जाता था। असल में मैं जो कर रहा था, वह सही नहीं था। 2018-19 में ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले मैंने खुद से कहा कि जो होना है, वह होगा। मैं अपनी तकनीक के बारे में नहीं सोचूंगा।’
रोहित ने पिछले साल एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा 2442 रन बनाए
रोहित के लिए 2019 शानदार रहा। उन्होंने बतौर सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या का एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड तोड़ा। रोहित ने 2442 रन बनाए। विश्व कप में उन्होंने 5 शतक जमाए। किसी भी टूर्नामेंट में ये बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा शतक हैं।
