Type Here to Get Search Results !

एक फरवरी से भोपाल में होगा राज्य-स्तरीय गुरूनानक ओलम्पिक

भोपाल। ओलम्पियन तीरंदाज पद्मश्री सुश्री दीपिका कुमारी के विशिष्ट आतिथ्य में एक फरवरी को टी.टी. नगर स्टेडियम में सुबह 11 बजे राज्य-स्तरीय गुरूनानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक शुरू होगा। राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत, विधि-विधायी कार्य एवं जनसम्पर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री जीतू पटवारी तथा पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री अरूण यादव शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस मौके पर 'खेलो इंडिया' यूथ गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा।

राज्य-स्तरीय गुरूनानक प्रांतीय ओलम्पिक खेल दो समूह में आयोजित किये जायेंगे। इंदौर, ग्वालियर, चम्बल, सागर, जबलपुर, रीवा, शहडोल, उज्जैन, नर्मदापुरम् एवं भोपाल संभाग के लगभग 3 हजार बालक-बालिका खिलाड़ी और ऑफिशियल्स ओलम्पिक में भाग लेंगे।

राज्य शासन के निर्णय अनुसार गुरूनानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक खेल का आयोजन पूरे प्रदेश में किया जा रहा है। विकासखंड, जिला एवं संभागीय स्तर पर प्रांतीय खेल का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग एक लाख बच्चों ने भाग लिया। राज्य स्तरीय गुरूनानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता में व्हॉलीबाल, फटबाल, बॉस्केट बाल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, कुश्ती, बैडमिन्टन और टेबिल टेनिस खेलों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।