Type Here to Get Search Results !

रात ढाई बजे घर में घुसे चोर से भिड़ी 12 साल की बच्ची; गले दबाने पर पंच मारा; तब बदमाश भागा


भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल के गांधी नगर के सागर बंगलो में रात ढाई बजे 12 साल की एक बच्ची घर में घुसे बदमाश से भिड़ गई। चोरी की नियत से घर में घुसे बदमाश ने बच्ची का गला दबा कर हराने की कोशिश की, लेकिन वह जीत नहीं सका। लगातार विरोध के बाद बदमाश को उल्टे पैर भागना पड़ा। घर की पहली मंजिल का दरवाजा खोलकर आए बदमाश ने बच्ची के माता-पिता का कमरा बाहर से बंद कर दिया था। 

गांधी नगर पुलिस के मुताबिक, गौंडीपुरा के सामने सागर बंगलो निवासी नरेंद्र जायसवाल हेल्थ मिशन में मैनेजर हैं। शुक्रवार रात नरेंद्र, उनकी पत्नी और बेटा अपने कमरे में सो रहे थे, जबकि उनकी 12 साल की बेटी काव्या अपने रूम थी। काव्या सातवीं की छात्रा है। नरेंद्र ने बताया कि रात ढाई बजे बेटी के शोर मचाने पर उनकी नींद खुली, लेकिन कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। पहले लगा कि काव्या सपने में डर गई है इसलिए शोर मचा रही है। बाद में काव्या ने दरवाजा खोलकर बताया कि एक बदमाश उसका गला दबा रहा था। चोर पहली मंजिल के दरवाजे से भागा। नरेंद्र ने बाहर देखा तो टीन शेड के रास्ते से एक युवक भाग रहा था। बदमाश पहली मंजिल का दरवाजा खोलकर अंदर आया था। वह घर से 700 रुपए और कुछ सामान चुरा ले गया।
काव्या बोली- पंच मारा तो बदमाश ने छोड़े हाथ
मैं सो रही थी। अचानक एक बदमाश मेरे ऊपर बैठ गया। उसने मेरे दोनों हाथ अपने पैरों से दबा रखे थे। वह दोनों हाथों से मेरा गला घोंट रहा था। मैंने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन गला दबा होने के कारण आवाज नहीं निकल रही थी। मैं घबरा गई थी। बड़ी मुश्किल से हाथ छुड़ाया और उसे जोरदार पंच मारा, जिससे उसकी गले की पकड़ कमजोर पड़ गई। इस बीच मैंने शोर मचाया। घबराकर बदमाश भागा। पापा के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। मैंने दरवाजा खोला तब पापा-मम्मी बाहर निकले। तब तक वह भाग चुका था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.