Type Here to Get Search Results !

कश्मीर में हिंसा पर केंद्र का जवाब, अनुच्छेद 370 हटाने के बाद घाटी में 73% सैनिक कम शहीद हुए


नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कहा कि अनुच्छेद 370 निष्प्रभावी होने के बाद कश्मीर में शहीद होने वाले सैनिकों की संख्या घटी है। यह जानकारी केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी. किशन रेड्‌डी ने बुधवार को राज्यसभा में एक सवाल के जवाब में दी। उन्होंने कहा- पिछले 173 दिनों में इसमें 73% की कमी आई है। 2019 में 13 फरवरी से 4 अगस्त के बीच सुरक्षा बल के 82 जवान शहीद हुए थे। वहीं, 5 अगस्त 2019 से 24 जनवरी 2020 तक सुरक्षाबल के 22 जवान शहीद हुए।

उन्होंने कहा- क्षेत्रीय एजेंसियां और कश्मीर के हालात की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। इसके आधार पर नजरबंद नेताओं के हिरासत की अवधि बढ़ाने या समाप्त करने पर विचार किया जा रहा है। चरणबद्ध तरीके से नजरबंद नेताओं को रिहा भी किया जा रहा है।
कश्मीर में जन सुरक्षा कानून के तहत 389 हिरासत में
जम्मू-कश्मीर में जन सुरक्षा कानून (पीएसए) के तहत फिलहाल 389 लोग हिरासत में हैं। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 निष्प्रभावी होने के बाद 444 लोगों को इस कानून के तहत हिरासत में लेने का आदेश जारी हुआ था। अभी तक इनमें से 55 नेता रिहा किए जा चुके हैं।
पिछले छह महीने में 32 आतंकी मारे गए
उन्होंने कहा- पिछले छह महीने में कश्मीर में आतंकी गतिविधियों में कमी आई है। जम्मू-कश्मीर सरकार के आंकड़ों के मुताबिक 5 अगस्त 2019 से जनवरी 2020 तक सुरक्षाबलों ने 32 आतंकियों को मार गिराया है। जबकि इसमें  10 नागरिकों की मौत हुई है। इस बीच सुरक्षाबलों ने 10 आतंकियों को गिरफ्तार भी किया है।
Tags