नई दिल्ली। पाकिस्तान के ओपनर आबिद अली ने कहा है कि वो सचिन तेंडुलकर के मुरीद हैं और उन्हीं को फॉलो करते हैं। अली के मुताबिक, वो सचिन जैसे बल्लेबाज तो बनना चाहते हैं लेकिन उन्हें ये पसंद नहीं कि कोई उन्हें पाकिस्तन का सचिन तेंडुलकर कहे। आबिद ने वनडे और टेस्ट डेब्यू करते हुए दोनों फॉर्मेट में शतक लगाए हैं। हालांकि, उन्हें इस बाद का दुख है कि पाकिस्तान टीम में उन्हें बहुत इंतजार के बाद जगह मिली।
सचिन जैसा कद
पाकिस्तान की एक क्रिकेट वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में आबिद ने कहा, “मैंने अपने कॅरियर की शुरुआत से ही सचिन को देखना शुरू कर दिया था। इसके पहले और अब भी मैं उनकी बल्लेबाजी के वीडियो देखता रहा हूं। सचिन के अलावा मैंने यूनिस खान, इंजमाम-उल-हक, रिकी पोंटिंग और मार्क वॉ की बल्लेबाजी भी देखी। सचिन और मेरी हाइट लगभग एक जैसी है। इसलिए भी उन्हें फॉलो करना आसान है। मैं सचिन की सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं बल्कि उनकी सभी अच्छी आदतों को अपनाना चाहता हूं। लेकिन, ये भी सही है कि मैं पाकिस्तान का सचिन तेंडुलकर कहलाना पसंद नहीं करूंगा।”
सचिन से दोगुनी उम्र में टेस्ट डेब्यू
32 साल के आबिद टेस्ट और वनडे कॅरियर तो शुरू कर चुके हैं लेकिन अब तक उन्हें टी20 टीम में शामिल नहीं किया गया है। पाकिस्तान की एक क्रिकेट वेबसाइट से बातचीत में उन्होंने माना कि वो मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर के फैन हैं। सचिन ने 16 साल और 205 दिन की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ उसी की जमीन पर टेस्ट डेब्यू किया था। उस वक्त पाकिस्तान के पास वकार यूनिस, वसीम अकरम और अब्दुल कादिर जैसे गेंदबाज थे। आबिद का टेस्ट डेब्यू सचिन से लगभग दोगुनी उम्र में हुआ।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू
हाल ही में श्रीलंकाई टीम पाकिस्तान दौरे पर आई थी। दो टेस्ट मैच खेले गए थे। रावलपिंडी के पहले टेस्ट में आबिद ने 109 रन की नाबाद पारी खेली। कराची में खेले गए दूसरे टेस्ट में आबिद ने 38 और 174 रन की पारियां खेलीं। पाकिस्तान ने यह टेस्ट 263 रन से जीता। इस टेस्ट में उन्हें मैन ऑफ द मैच भी घोषित किया गया था।
