Type Here to Get Search Results !

टोक्यो ओलिंपिक 1 साल के लिए टाले गए, जापान के मंत्री बोले- कोविड-19 खत्म होने के बाद ही गेम्स के बारे में सोचेंगे


नई दिल्ली। टोक्यो ओलिंपिक 1 साल के लिए टाल दिए गए हैं। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे और अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष थॉमक बाक के बीच मंगलवार को हुई बातचीत के बाद गेम्स को टालने पर सहमति बनी। अब यह खेल 2021 की गर्मियों में होंगे। यह गेम्स इस साल 24 जुलाई से 9 अगस्त के बीच होने थे। जापान और आईओसी पिछले कुछ महीने से लगातार कह रहे थे कि गेम्स तय शेड्यूल के मुताबिक 24 जुलाई से शुरू होंगे। लेकिन कोविड-19 के बढ़ते खतरे के साथ जापान और आईओसी पर इन खेलों को स्थगित करने का दबाव बढ़ने लगा था।

प्रधानमंत्री आबे के घऱ पर मंगलवार को कैबिनेट की अहम बैठक हुई। इसके बाद ओलिंपिक मंत्री साइको हाशिमोतो ने कहा- टोक्यो ओलिंपिक तभी हो सकते हैं, जब कोरोनावायरस खत्म होगा। कनाडा और ऑस्ट्रेलिया पहले ही ओलिंपिक में हिस्सेदारी से इनकार कर चुके हैं। 
कनाडा ने 1 साल खेल टालने की मांग की थी
कनाडा और ऑस्ट्रेलिया ने कल इन खेलों से हटते हुए कहा था कि अगर टोक्यो ओलंपिक अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 जुलाई से 9 अगस्त के बीच होते हैं तो वे अपने खिलाड़ी गेम्स में नहीं भेजेंगे। कनाडा और ऑस्ट्रेलिया ने तो यहां तक कहा है कि अगर इन खेलों को 2021 तक स्थगित नहीं किया जाता, तो वे इसमें हिस्सा नहीं लेंगे। कनाडा ने कहा था- हम ओलंपिक खेलों को एक साल के लिए टालने की मांग करते हैं। अगर ओलंपिक को स्थगित किया जाता है तो हम उनका पूरा समर्थन करेंगे। हमारे लिए एथलीट्स के स्वास्थ्य और सुरक्षा के अलावा कुछ महत्वपूर्ण नहीं है।
आर्थिक नुकसान कितना?
सीएनबीसी के मुताबिक, 2016 से अब तक आईओसी ने टोक्यो ओलिंपिक 2020 के लिए 5.7 अरब डॉलर (40 हजार 470 करोड़ रुपए) रेवेन्यू जुटाया। इसका 73 फीसदी हिस्सा मीडिया राइट्स से आया। बाकी 27 फीसदी प्रायोजकों यानी स्पॉन्सर्स से मिला। अगर खेल रद्द होते हैं तो आईओसी को यह रकम लौटानी होगी। इतना ही नहीं आईओसी दुनियाभर में एथलीट्स के लिए स्कॉलरशिप, एजुकेशन प्रोग्राम्स के साथ ही फेडरेशन्स से जो फंड जुटाता है, वो भी उसे लौटानी होगी। लिहाजा, खेल टाले गए हैं। इन्हें रद्द नहीं किया गया है।
जापान का क्या होगा?
टोक्यो ओलिंपिक 2020 की मेजबानी जापान के पास है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, वह तैयारियों पर अब तक 12.6 अरब डॉलर खर्च कर चुका है। कुल अनुमानित खर्च इसका दो गुना यानी करीब 25 अरब डॉलर है।  
अमेरिका के 70 फीसदी खिलाड़ी ओलिंपिक को टालने के पक्ष में: सर्वे
अमेरिका के 70 फीसदी से ज्यादा खिलाड़ी ओलिंपिक को टालने के पक्ष में हैं। अमेरिकी अखबार यूएसए टुडे ने 300 अमेरिकी खिलाड़ियों से ओलिंपिक के आयोजन को लेकर सवाल पूछे। 70 फीसदी खिलाड़ियों ने कहा कि गेम्स स्थगित हो जाने चाहिए जबकि 23 फीसदी ने कहा कि यह उस समय के हालात पर निर्भर करेगा कि गेम्स होने चाहिए या नहीं। जब उन खिलाड़ियों से पूछा गया कि टोक्यो ओलिंपिक तय समय पर होना चाहिए तो 41 फीसदी ने कहा कि यह सही आइडिया नहीं है।