वॉशिंगटन। दुनिया के 192 देश कोरोनावायरस की चपेट में आ चुके हैं। 15,337 लोगों की मौत हो चुकी है। 3 लाख 51 हजार 084 संक्रमित हैं। हालांकि, इसी दौरान करीब एक लाख मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। सोमवार सुबह आई एक खबर ने अमेरिका की चिंता बढ़ा दीं। यहां मरने वालों का आंकड़ा पांच सौ के करीब पहुंच चुका है। देश के सबसे बड़े हेल्थ अफसर ने कहा- यूएस में संक्रमण से जिन लोगों की मौत हुई है। उनमें से 53 फीसदी की उम्र 18 से 49 साल के बीच है। यह दुनिया में देखे गए ट्रेंड से उलट है। स्पेन सरकार ने कहा है कि बुधवार के बाद देश के हालात की समीक्षा की जाएगी और कुछ बेहद सख्त कदम उठाए जाएंगे।
अमेरिका : युवा क्यों बन रहे शिकार
अमेरिका की सर्जन जर्नल डॉक्टर जेरोम एडम्स ने सोमवार सुबह सीएनएन को इंटरव्यू दिया। उनकी एक बात ने अमेरिकी सरकार की चिंता बढ़ा दी। एडम्स ने कहा, “हम यह पता लगाने में जुटे हैं कि अमेरिका में कोरोना संक्रमण का शिकार युवा ही ज्यादा क्यों बने। जिन लोगों की मौत हुई, उनमें से 53 प्रतिशत की उम्र 18 से 49 साल के बीच थी। जबकि इटली और दुनिया के बाकी हिस्सों में बुजुर्ग ही ज्यादा शिकार बने। हमारे लिए यह बेहद गंभीर चिंता की बात है।”
ब्रिटेन : मैक्डोनॉल्ड्स के सभी रेस्टोरेंट्स बंद
मैक्डोनाल्ड्स और नान्डो ने ब्रिटेन में अपने सभी रेस्टोरेंट्स अगले आदेश तक बंद कर दिए। आयरलैंड में भी इनकी सेवाएं बंद रहेंगी। खास बात ये है कि दोनों ही कंपनियों ने रेस्टोरेंट्स से टेकआउट फेसेलिटी भी बंद कर दी है। इसका मतलब ये है कि लोग अब यहां से सामान घर भी नहीं ले जा सकेंगे। ब्रिटेन सरकार ने सोमवार को ये भी साफ कर दिया कि अगले कुछ दिन में लॉकडाउन की नौबत आ सकती है।
स्पेन : मैड्रिड के 20 फीसदी अस्पताल भी संक्रमित
स्पेन सरकार ने सोमवार को कहा कि बुधवार तक देश में मामले ज्यादा बढ़ सकते हैं। पहले सिर्फ स्कूल बंद किए गए थे। अब कॉलेज भी नहीं खुलेंगे। 600 हेल्थ वर्कर भी पॉजिटिव पाए गए हैं। 1400 हेल्थ वर्कर्स को आईसोलेशन में रखने की वजह से स्टाफ की कमी भी हो गई है। सीएनएन के मुताबिक, मैड्रिड के 20 फीसदी अस्पतालों में संक्रमण फैल चुका है। इन्हें हर घंटे सैनिटाइज किया जा रहा है।
न्यूजीलैंड में बुधवार से लॉकडाउन
उधर, न्यूजीलैंड में पिछले 48 घंटे में कोरोना के केस में दोगुनी वृद्धि हुई है। इसके बाद सरकार बुधवार से लॉकडाउन की तैयारियों में जुट गई है। स्कूल, व्यवसायों और सामुदायिक सेवाओं में लगे लोगों को तैयारियों के लिए दो दिन का समय दिया गया है। देश में कोरोना के मामलों की संख्या 102 से ज्यादा हो गई है।
कनाडा ओलिंपिक में हिस्सा नहीं लेगा
कनाडा ने 2020 ओलिंपिक गेम्स में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया है। कोरोनावायरस के बढ़ते प्रकोप के कारण देश की ओलिंपिक कमेटी ने यह फैसला किया है। संगठन ने एक साल के लिए गेम को टालने की बात कही है। देश में संक्रमण के 1470 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 20 लोगों की जान गई है।
अमेरिका में 24 घंटे में 100 लोगों की जान गई
अमेरिका में भी कोरोना पैर पसार रहा है। यहां रविवार को 24 घंटे में 14,550 नए मामले सामने आए और 100 से ज्यादा लोगों की जान गई। अमेरिका में अब तक 33,276 लोग कोरोना संक्रमित हैं, जबकि 419 मरीजों की मौत हुई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रविवार को कहा कि वे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की वजह से चिंतित हैं, क्योंकि चीन वक्त रहते अमेरिका को वायरस को लेकर आगाह कर सकता था। ट्रम्प ने कहा, ‘‘मैं चीन से थोड़ा परेशान हूं। मैं उनके साथ ईमानदार हूं। राष्ट्रपति जिनपिंग और उनके देश का सम्मान करता हूं। उन्हें हमें इस बारे में बताना चाहिए था। अमेरिका ने चीन में विशेषज्ञों को भेजने की पेशकश की थी, लेकिन चीन की कोई प्रतिक्रिया नहीं थी।’’
न्यूयॉर्क में 12,345 मरीज मिले
अमेरिका में एक दिन में 14,550 नए मरीज मिले हैं। इनमें से एक तिहाई केवल न्यूयॉर्क शहर में मिले हैं। यहां 24 घंटे में 12,345 केस सामने आए हैं। अमेरिका में औसतन 1800 लोगों पर 5 डॉक्टर हैं, जबकि भारत में इतने लोगों पर सिर्फ 1 डॉक्टर है। देश में रविवार को बेवजह घूमने वाले 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इटली में 5 हजार से ज्यादा मौतें
इटली के सिविल प्रोटेक्शन डिपार्टमेंट के मुताबिक, यहां रविवार तक संक्रमण का आंकड़ा 59,138 पहुंच गया, जबकि 5476 लोगों ने जान गंवाई है। 7024 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। इटली में 21 फरवरी को पहला मामला सामने आया था। इसके एक महीने बाद महामारी को रोकने के लिए देश के भीतर सभी यात्राएं पर रोक लगा दी गई है। इटली में चीन से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोनावायरस चीन के वुहान शहर से ही फैला माना जाता है। यहां रविवार को 651 लोगों की मौत दर्ज की गई।
स्पेन में 1756 लोगों की मौत
यूरोप में दूसरा सबसे प्रभावित देश स्पेन है। यहां रविवार तक 1,756 लोगों ने जान गंवाई है। इसके बाद सरकार ने 11 अप्रैल तक आपातकाल लगाए रखने का फैसला किया है। स्पेन में 28,603 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
स्पेन में 28,603 लोग संक्रमित। दक्षिणी स्पेन का रोंडा शहर आपातकाल लगाए जाने के बाद खाली पड़ा है।
रूस में एक डॉक्टर को विदेश से लौटने की जानकारी छिपाने पर जेल
रूस में एक डॉक्टर को विदेश जाने की सच्चाई छिपाने के कारण जेल भेज दिया गया। वह स्पेन से छुट्टी मना कर लौटी थीं। उनपर आरोप है कि उन्होंने 1200 लोगों का जीवन खतरे में डाला। विदेश लौटने के बाद डॉक्टर ने आइसोलेशन में रहने का प्रोटोकॉल भी पूरा नहीं किया। पिछले 24 घंटे में देश के छह हिस्सों में 61 नए मामले सामने आए हैं। देश में कुल मामला 367 हो गया है। रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने रविवार को कहा कि समय पर किए गए उपायों के कारण स्थिति नियंत्रण में है।
जर्मनी में अब तक संक्रमण के 18,610 मामले सामने आए
जर्मनी ने कोरोनावायरस के बढ़ते प्रसार को रोकने के लिए अपने यहां प्रतिबंधों को और ज्यादा कड़ा कर दिया है। यहां दो से ज्यादा व्यक्तियों के साथ में बैठने पर पाबंदी लग गई है। बीबीसी ने रविवार को जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल के हवाले से कहा कि हमारा अपना व्यवहार संक्रमण को फैलने से रोकने व धीमा करने का सबसे प्रभावी तरीका है। उधर, नए प्रतिबंधों के तहत ब्यूटी-पार्लर, मसाज पार्लर को बंद करना शामिल है, जबकि अन्य गैर-जरूरी दुकानें पहले ही बंद कर दी गई थीं। चांसलर मर्केल के संबोधन के कुछ समय बाद ही उनके कार्यालय ने कहा कि वह खुद से आइसोलेशन में जा रही हैं। इस दौरान वह घर से काम करेंगी। जर्मनी में अब तक संक्रमण के 18,610 मामले सामने आए हैं। इनमें से 55 व्यक्तियों की मौत हुई है। देश में तीन या इससे ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगाई गई है।
एक दिन में 1600 लोगों की मौत: डब्ल्यूएचओ
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने रिपोर्ट जारी करते हुए कहा कि अफ्रीका के चार देशों में कोरोनावायरस के मामले सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, दुनियाभर में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 26,069 मामले सामने आए और 1600 लोगों की मौत हुई है।
