Type Here to Get Search Results !

नेता विपक्ष गोपाल भार्गव का आरोप- किसान परेशान और जनता हलाकान, कांग्रेस सरकार ने काम नहीं, बयानबाजी की


भोपाल। विधानसभा में नेता विपक्ष गोपाल भार्गव ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर काम नहीं करने का आरोप लगाया। कहा- पिछले 14 माह में प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने केवल बयानबाजी की है, प्रदेश के हित में कोई काम नहीं किया। भार्गव ने ट्वीट के जरिए राज्य की कांग्रेस सरकार पर यह आरोप लगाए। 

उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मूल मुद्दों के बजाय प्रदेश सरकार कभी आईफा, तो कभी महिलाओं के लिए शराब आउटलेट, तो कभी नई शराब नीति से शराब माफिया को संरक्षण की बात करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को जनता की समस्याओं पर भी ध्यान देने की जरूरत है। कहा- प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ हर वर्ग में आक्रोश है। किसान परेशान और जनता हलाकान है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ सिर्फ उपचुनाव में जाकर 2 लाख की कर्जमाफी की घोषणा करते हैं, ताकि सरकार के प्रति जनता के आक्रोश को दबाया जा सके, लेकिन जनता कांग्रेस के मायावी वचनों को समझ चुकी है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी किसानों को अतिवृष्टि की मार झेलनी पड़ी, लेकिन कांग्रेस सरकार ने केंद्र सरकार द्वारा भेजी गई एक हजार करोड़ की राशि वितरित नहीं की। अब फिर किसान की फसलें ओलावृष्टि से बर्बाद हो गई हैं। लेकिन, सरकार किसानों की कोई सुध नहीं ले रही है।